ऑफिस में एकतरफा प्यार, फिर कत्ल का खेल: HR मैनेजर मिंकी शर्मा की हत्या, बोरे में मिली लाश, सिर अब भी लापता | Agra Crime
आगरा: ऑफिस में एकतरफा प्यार, फिर कत्ल का खेल: HR मैनेजर मिंकी शर्मा की हत्या, बोरे में मिली लाश, सिर अब भी लापता | Agra Crime। एचआर मैनेजर मिंकी शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच में सामने आया है कि कंप्यूटर ऑपरेटर विनय राजपूत ने एकतरफा प्यार के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत केस तैयार किया है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर उसी की स्कूटर से ले जाकर हाईवे स्थित जवाहर पुल के पास फेंक दिया था। मृतका का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है, जिसके लिए झरना नाला में तलाशी भी कराई गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जांच में खुलासा हुआ कि मिंकी शर्मा की आखिरी लोकेशन संजय प्लेस स्थित ऑफिस में मिली थी, जहां दोपहर करीब 3:30 बजे उनका मोबाइल बंद हो गया था। वहीं आरोपी विनय की लोकेशन भी उसी स्थान पर पाई गई, जबकि उस दिन ऑफिस बंद था।
पुलिस को ऑफिस से खून के सैंपल मिले, जो मृतका से मेल खा गए। साथ ही आरोपी के झरना नाला तक जाने के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और हत्या में इस्तेमाल चाकू से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
23 जनवरी को हाईवे पर बोरे में मिली सिर कटी लाश की पहचान बाद में मिंकी शर्मा के रूप में हुई थी। परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर पुष्टि की थी, जबकि डीएनए रिपोर्ट का अभी इंतजार है।
पुलिस का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।

