Latestमध्यप्रदेश

मुफ्त इलाज के जा रहे थे जबलपुर दुर्घटना में घायल होकर पहुंचे अस्पताल, खाई में गिरी तेज रफ्तार बस, 32 यात्री घायल

डिंडौरी/शहपुरा। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राछो घाट के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 32 यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

सुबह 10 बजे हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी

यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

निःशुल्क इलाज के लिए जा रहे थे जबलपुर

शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री निःशुल्क उपचार के लिए सुखसागर हॉस्पिटल, जबलपुर जा रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त बस का क्रमांक एमपी 20 जेके 9559 है, जो मझौली से जबलपुर की ओर जा रही थी। राछो घाट के पास बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

घायलों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान की जा रही है। बताया गया है कि अधिकतर यात्री शहपुरा जनपद क्षेत्र के आसपास के गांवों के निवासी हैं। पुलिस द्वारा घायलों के परिजनों को भी सूचना दी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राछो घाट क्षेत्र में पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, ऐसे में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Back to top button