katniमध्यप्रदेश

बातचीत के बहाने युवक को घर बुलाया, फिर अपहरण कर बेरहमी से पीटा सिगरेट से हाथ-पीठ दागने का आरोप, मुख्य आरोपी अन्नू माली समेत दो गिरफ्तार; दो फरार

बातचीत के बहाने युवक को घर बुलाया, फिर अपहरण कर बेरहमी से पीटा
सिगरेट से हाथ-पीठ दागने का आरोप, मुख्य आरोपी अन्नू माली समेत दो गिरफ्तार; दो फरा

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक को बातचीत के बहाने घर बुलाकर बंधक बनाने, बेरहमी से मारपीट करने और सिगरेट से दागने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली और उसके साथी साहिल खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं घटना में शामिल अमन सहित एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गायत्री नगर निवासी 24 वर्षीय पंकज मेहरा ठेकेदारी का काम करता है। 12 सितंबर की सुबह वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे मघई मंदिर के पास स्थित अपने घर ले गया। वहां अन्नू ने कुछ युवकों को फोन कर बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व बेल्ट से मारपीट की।
पंकज किसी तरह वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-5 पहुंचा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एनकेजे बजरिया स्थित मकान ले जाया गया और एक कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई। इसी दौरान एक आरोपी ने सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दाग दिया। गंभीर प्रताड़ना के बाद पंकज किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया।
15 सितंबर को पंकज ने अपनी मां और भाई के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 1053/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुड़वारा स्टेशन के पास पकड़ा गया मुख्य आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंकज पूर्व में उसके यहां काम करता था और करीब दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी का आरोप था कि पंकज उसके कुछ फोटो और दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पंकज के साथ मारपीट की।
अन्नू के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने साहिल खान को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि साहिल के साथ आए एक युवक ने पंकज के हाथ और पीठ को सिगरेट से दागा था।
पुलिस ने अजय उर्फ अन्नू माली और साहिल खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में फरार अमन और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, खिरहनी चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button