निगमायुक्त के निर्देश पर अधिकारी – कर्मचारी रोजाना प्रातः फील्ड पर कर रहे सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग,खामियां मिलने पर तत्काल उठाए जा रहे सुधारात्मक कदम

निगमायुक्त के निर्देश पर अधिकारी – कर्मचारी रोजाना प्रातः फील्ड पर कर रहे सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग,खामियां मिलने पर तत्काल उठाए जा रहे सुधारात्मक कद
कटनी – नगर की सफाई व्यवस्था को स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुदृढ़ बनाते हुए सर्वेक्षण प्रतियोगिता में नगर को शीर्ष स्थान दिलाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार वार्ड स्तर पर नियुक्त निगम के अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन प्रातः से ही फील्ड में पहुंचकर सफाई व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी अथवा खामियां पाई जा रही है, वहां तत्काल स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कराई जा रही है। इस सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से नगर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
इन स्थलों पर किया गया निरीक्षण
सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नियुक्त अधिकारियों द्वारा बस स्टैंड परिसर, नदी पार मुख्य मार्ग, अहमद नगर, जगन्नाथ चौक, घंटाघर मार्ग, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज के नीचे, महात्मा गांधी वार्ड, मिशन चौक से सुभाष चौक, मिशन चौक मीट मार्केट, अलफर्ट गंज, जिला चिकित्सालय पहुंच मार्ग, महारानी लक्ष्मीबाई तिराहा, विश्वकर्मा पार्क मार्ग, सिटी चौपाटी, वीआईपी मार्ग, बरही रोड, स्टेशन पहुंच मार्ग, नई बस्ती, बरगवां मुख्य मार्ग, भीमराव चौक, उपनगरीय क्षेत्र माधव नगर के विभिन्न मार्गों, पुरानी कचहरी प्रांगण, सुरम्य पार्क, रंगनाथ मंदिर, सिटी कोतवाली परिसर, दुर्गा चौक खिरहनी एवं अमकुही बस्ती सहित नगर के विभिन्न स्थलों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
इसके साथ ही दैनिक सफाई कार्य के दौरान मुख्य मार्गों के डिवाइडरों की सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तथा आवश्यकतानुसार नाले-नालियों की सफाई कराकर स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए।








