कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर बरन महगवा पहुंचा पशु चिकित्सा अमला, तत्काल उपचार शुरू कर सभी गोवंश को दिया गया चिकित्सकीय उपचार,गोवंशों के स्वास्थ्य में हुआ सुधार

IMG 20261024 WA0021

कटनी ग्राम बरन महगवा में गोवंश की तबीयत बिगड़ने की सूचना प्राप्त होते ही कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पशुपालन विभाग के अमले को मौके पर पहुंचकर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में पशुपालन विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए चार दल गठित किए गए और बीमार गोवंशों का उपचार प्रारंभ किया गया। उपचार के बाद गोवंशों की स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है।

 

*सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग ने की त्वरित कार्रवाई*

 

उपसंचालक पशुपालन विभाग श्रीमती नीता मनोचा ने बताया कि शनिवार सुबह ग्राम बरन महगवा के ग्रामीणों द्वारा गोवंशों के बीमार होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सालय खितौली में पदस्थ पशु चिकित्सक डॉ. पटेल को तत्काल ग्राम बरन महगवा पहुंचकर उपचार प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बरही, विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा क्षेत्र में पदस्थ पशु चिकित्सा अमले तथा दो मोबाइल यूनिट के स्टाफ को भी तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रभावित गोवंश को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

*चार दल गठित कर मौके पर शुरू किया गया उपचार*

 

उपसंचालक पशुपालन के अनुसार पशु चिकित्सा विभाग की टीमें ग्राम बरनमहगवा पहुंचीं। यहां चार दल गठित कर प्रभावित गोवंश का उपचार प्रारंभ किया गया। पशु चिकित्सकों एवं विभागीय अमले द्वारा गोवंश की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय देखभाल की गई। उपचार की कार्यवाही शाम 6 बजे तक जारी रही।

 

*दवा छिड़काव वाले खेत में चरने से बिगड़ी गोवंश की तबीयत*

 

इसे भी पढ़ें-  कटनी के रुपक कोहली को रायपुर में मिले तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार,PACE Horizon 2026 में बेस्ट लग्जरी वेडिंग प्लानर सहित तीन श्रेणियों में हासिल किया सम्मान

ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि कुछ गोवंश दवा का छिड़काव किए गए खेत में चारा एवं फसल चरने के लिए चले गए थे। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की स्थिति सामने आई। सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग के अमले ने बिना विलंब किए मौके पर पहुंचकर उपचार प्रारंभ किया।