OMG: जीवित पति का डेथ सर्टिफिकेट बनवाया और तीन बैंकों से माफ करा लिया लोन

भोपाल। एक शातिर महिला ने गैस दावा अदालत के बर्खास्त बाबू से मिलकर जीवित पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया। इसके आधार पर तीन बार लिया गया,ऋण माफ करवा लिया। खाली पड़े एक मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक युवक से 3 लाख रुपए हड़प लिए। करीब एक वर्ष से फरार चल रही महिला को आखिर कमला नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला से पूछताछ के बाद खुले राज के आधार पर बर्खास्त क्लर्क को भी हिरासत में ले लिया गया।
कमला नगर थाना प्रभारी विजय सिसोदिया के मुताबिक एक साल पहले बनवारी लाल नाम के युवक ने ठगी की शिकायत की थी। उसमें बताया था कि कोलीपुरा, जहांगीरबाद निवासी अंजना सिंह नाम की महिला से उसने कोटरा में स्थित एक मकान का सौदा किया था। इसके लिए उन्होंने अंजना को 3 लाख रुपए अग्रिम दिए थे। बाद में उन्हें पता चला कि यह मकान किसी पुष्पलता गुप्ता का है और लंबे समय से खाली पड़ा है। बनवारी ने इस बारे में अंजना को बताया तो वह अचानक लापता हो गई। इस मामले में अंजना के चार साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर अंजना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह पति से अलग रहती है। उसका एक बेटा और एक बेटी है। उसने पुष्पलता गुप्ता के नाम से फर्जी कागजात तैयार करवाकर कोटरा के मकान का सौदा बनवारी से करने की बात कबूल की है








