Tuesday, May 12, 2026
Latest:
Latestअजब गजब

OMG: जब रास्ता भटक गई ट्रेन, चल दी 15 किलोमीटर उल्टी दिशा में, फिर क्या हुआ

बीना। जगन्नाथपुरी से भोपाल के रास्ते बैतूल जाने वाली ट्रेन को अधिकारी 15 किमी तक विपरित ट्रैक पर बीना से झांसी के बीच दौड़ाते रहे। जब यात्रियों को आभास हुआ कि ट्रेन गलत दिशा में दौड़ रही है तो वे हंगामा करने लगे। इसकी जानकारी अधिकारियों को लगी।

268035d4 8172 46ef 9268 05bb196342da

आनन-फानन में ट्रेन को रुकवाया और वापस बीना स्टेशन लेकर आए। गनीमत रही कि इस ट्रैक पर दूसरी ट्रेन नहीं थी। यदि होती तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। मामला मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन का है। घटना मंगलवार सुबह बीना के पास मालखेड़ी स्टेशन की है, जहां से ट्रेन को बीना होकर भोपाल आना था। कंट्रोलर ने ट्रेन को झांसी ट्रैक पर चला दिया। रेलवे ने इसके लिए एरिया कंट्रोल मैनेजर की गलती मानते हुए चार्जशीट थमा दी है। उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

यह है घटना 

स्पेशल ट्रेन सुबह 8.46 बजे मालखेड़ी स्टेशन (बीना स्टेशन के पास) पहुंची। एरिया कंट्रोलर के मैसेज पर मालखेड़ी स्टेशन मास्टर हरिओम शर्मा ने ट्रेन झांसी ट्रैक (झांसी की तरफ जाने वाला रेलवे मार्ग) पर चला दी। मालखेड़ी से लगभग 15 किलोमीटर चलने के बाद ट्रेन आगासौद स्टेशन पहुंची।

ट्रैक गलत होने की पुष्टि होने पर ट्रेन को करीब 11.05 बजे वापस मालखेड़ी स्टेशन लाया गया। यहां से दोपहर 12.05 बजे ट्रेन को बीना होते हुए भोपाल के लिए चलाया। बता दें कि मालखेड़ी से बीना, झांसी व गुना की तरफ तीन रेल ट्रैक जाते हैं। इस ट्रेन को बीना ट्रैक पर चलाना था जिसे झांसी ट्रैक पर चला दिया गया।

अधिकारियों की मॉनीटरिंग पर सवाल

जबलपुर मंडल मुख्यालय पर ऑपरेटिंग के अधिकारी ट्रेन परिचालन की मॉनीटरिंग करते हैं। यह घटना उनकी मॉनीटरिंग पर सवाल उठा रही है कि आखिरकार ट्रेन 15 किमी दूसरे ट्रैक पर दौड़ती रही और वे पकड़ नहीं सके।

यात्री बोले किस्‍मत अच्छी थी इसलिए बचे

ट्रेन में सफर कर रहे तीर्थ यात्री विजय सिंह के साथी महेंद्र ने बताया कि वे और बाकी तीर्थ यात्री भोपाल पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। मालखेड़ी के पहले पता चला कि कुछ ही समय में बीना स्टेशन आने वाला है। ट्रेन करीब 15 किमी चली, लेकिन बीना नहीं आया तो ट्रेन के विपरित रूट पर चलने की आशंका हुई। तीर्थ यात्री घबराने लगे। अटेंडरों को इसकी जानकारी देने के बाद ट्रेन का वापस मालखेड़ी लाया गया।

ट्रेन का रूट भूला एरिया कंट्रोलर 

एरिया कंट्रोलर ट्रेन का रूट भूल गया था। इसके कारण ट्रेन विपरीत ट्रैक पर चला दी गई। कोई बड़ी घटना नहीं हुई। जांच के आदेश दे दिए हैं। एरिया कंट्रोलर को चार्जशीट दी है।

– गुंजन गुप्ता, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply