Ola, Uber ने बंद की अपनी सेवाएं, इस तारीख तक नहीं कर पाओगे कैब बुक

नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। दिल्ली सरकार द्वारा 31 मार्च तक की गई लॉकडाउन की घोषणा के चलते प्राइवेट बसों, टैक्सी और ऑटो रिक्शा सहित सार्वजनिक परिवहन पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में Ola और Uber ने भी कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अपनी सेवाएं 31 मार्च तक बंद करने की घोषणा की है।

लॉकडाउन के ऐलान के बाद Uber के प्रवक्ता ने कहा कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए उबर केंद्र और राज्य सरकारों के सभी निर्देशों का कड़े रूप से पालन करेगी। वहीं, Ola के प्रवक्ता ने कहा कि शहर में आवश्यक सेवाओं को मदद पहुंचाने के लिए कंपनी कम से कम वाहनों का परिचालन करेगी और कोरोनावायरस की महामारी के फैलाव को रोकने के लिए राज्य और केंद्र सरकार की हर संभव तरीके से मदद करेगी।

दोनों कैब एग्रीगेटर कंपनियों ने पहले ही अपनी शेयर राइड को अस्थाई रूप से बंद कर दिया था। देशभर में करीब 75 जिलों को पूरी तरह लॉकडाउन किया गया है।

दिल्ली सी सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और बाहर से आने वाले लोगों को रोका जा रहा है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को परिवहन की सुविधा देने के लिए DTC की सिर्फ 25 फीसद बसों को ही चलाया जा रहा है। इसके अलावा सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

Exit mobile version