समाचार -1
नगर निगम कटनी की खबरें:=निगम उपायुक्त एवं राजस्व अधिकारी ने की राजस्व वसूली कार्य की समीक्षा, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश
कटनी (YASH BHARAT.COM)। नगर निगम के उपायुक्त शैलेष गुप्ता एवं राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक द्वारा बुधवार को निगम की राजस्व वसूली कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के अंतर्गत निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्रगति एवं शेष वसूली की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित राजस्व उप निरीक्षकों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में आवश्यक तेजी लाई जाए तथा लंबित बकाया करों की वसूली हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सख्ती से अमल किया जाए। इस दौरान उन्होंने 15वे वित्त आयोग निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त श्री गुप्ता ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के अनुरूप वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बकायेदारों की सूची तैयार कर नियमित रूप से संपर्क करने, नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने वार्डवार वसूली प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि राजस्व अमले द्वारा घर-घर संपर्क कर करदाताओं को कर भुगतान हेतु प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में कर वसूली में आ रही बाधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की जाकर उनके निराकरण हेतु रणनीति तय की गई। वसूली कार्य में संलग्न अमले को निर्देशित किया गया कि राजस्व वृद्धि हेतु सतत एवं प्रभावी प्रयास किए जाएं, जिससे निगम की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ हो सके। बैठक के दौरान समस्त राजस्व उपनिरीक्षक उपस्थित रहे।
समाचार -2
गांधी निर्वाण दिवस पर बंद रहेगा मांसाहारी पदार्थों का क्रय -विक्रय
कटनी। शासन निर्देशानुसार गांधी निर्वाण दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2026 दिन शुक्रवार को नगर में मांसाहारी पदार्थ मुर्गा, मुर्गी, मांस, मछली आदि का क्रय-विक्रय बंद रहेगा।
इस संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने आम सूचना के माध्यम से नागरिकों एवं मांसाहारी पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वाले दुकानदारों को सूचित किया है कि वे गांधी निर्वाण दिवस 30 जनवरी 2026 को मांसाहारी पदार्थों का क्रय विक्रय न करें। उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
समाचार -3
स्वच्छ, सुंदर शहर की दिशा में नगर निगम के प्रयास निरंतर जारी, प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, आवासीय कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित हो रही साफ-सफाई
कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से दैनिक सफाई व्यवस्था को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर के निर्देशन में निगम के स्वास्थ्य अमले एवं स्वच्छता मित्रों द्वारा स्वच्छता को स्वस्थ जीवन की आधारशिला मानते हुए प्रतिदिन प्रातः काल से ही शहर के समस्त वार्डों, प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, आवासीय कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई कार्य किया जा रहा है।
समाचार -4
के.सी.एस उच्चतर माध्यमिक शाला में भव्यता पूर्वक संपन्न हुआ तीन दिवसीय आनंद महोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित स्वच्छता गतिविधियों का किया गया आयोजन
कटनी। निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर के निर्देशन तथा शाला प्राचार्य श्रीमती रूप मास्कर के मार्गदर्शन में के.सी.एस उच्चतर माध्यमिक शाला में तीन दिवसीय आनंद महोत्सव का आयोजन 24 जनवरी से 27 जनवरी तक किया गया। इस दौरान आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्वच्छता गतिविधियों में शाला की छात्राओं एवं स्टाफ नें उत्साह के साथ भाग लिया।

