Latestमध्यप्रदेश

NEET PG Indore: नीट पीजी परीक्षा के लिए 15 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन

इंदौर, NEET PG Indore। नेशनल बोर्ड आफ एग्जामिनेशन (एनबीइ) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) फार पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 15 मार्च तक आनलाइन मोड़ में आवेदन कर सकते हैं। एनबीइ के अनुसार सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क बढ़ाया गया है। सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 3750 रुपये से बढ़ाकर 5015 रुपये कर दिए गए हैं। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी के उम्मीदवारों के शुल्क में 2750 रुपये से बढ़ाकर 3835 रुपये कर दिया गया है। इस साल देशभर में 255 केंद्रों पर परीक्षा होगी, जबकि पिछले साल 165 केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई थी। गौरतलब है कि नीट पीजी की परीक्षा इस वर्ष 18 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। साथ ही उम्मीद की जा रही है कि इसके परिणाम 31 मई तक घोषित कर दिए जाएंगे।

परीक्षा के विशेषज्ञ विजित जैन का कहना है कि इस बार नीट पीजी परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या के साथ ही उनके अंक भी कम कर दिए गए है। इस बार कुल 200 एमसीक्यू होंगे और इनके अंक 1200 से घटाकर 800 कर दिए गए हैं। परीक्षा दो बजे से 5.30 बजे तक होगी। इसके पहले यह परीक्षा दोपहर 3.30 से शाम 7 बजे तक आयोजित की जाती थी। परीक्षा के विशेषज्ञ डा. जीएस ठकराल का कहना है नीट पीजी के माध्यम से 10821 मास्टर आफ सर्जरी (एमएस), 19953 डाक्टर आफ मेडिसिन (एमडी) और 1979 पीजी डिप्लोमा सीटों पर 6102 सरकारी, निजी, डीम्ड विश्वविद्यालय और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश दिया जाता है। इंदौर से परीक्षा में 10 हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे।

Back to top button