चड्डा ऑटोनॉमस कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने कराया ‘नशा मुक्त भारत’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
चड्डा ऑटोनॉमस कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने कराया ‘नशा मुक्त भारत’ कार्यक्रम का लाइव प्रसार
कटनी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज (चड्डा ऑटोनॉमस कॉलेज) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय चड्डा के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्त भारत शपथ के साथ हुई, जिसमें महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह भूमिका तभी सार्थक होगी, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहकर समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में चड्डा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर देवाशीष चड्डा, उप-प्राचार्य डॉ. राजीव खत्री, परीक्षा केंद्राध्यक्ष डॉ. स्वाति छिरौलिया, ऑटोनॉमस कुलसचिव शरद निरंकारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आर.आर.एस. परिहार, ऑटोनॉमस सेल प्रभारी डॉ. आराधना अग्रहरि, विधि प्राचार्य डॉ. गोपाल उपाध्याय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र वर्मा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष अतुल जैन, विज्ञान एवं कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, विधि विभागाध्यक्ष डॉ. ऋतिका साहनी आहूजा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।