राष्ट्रीय पर्वों पर जनप्रतिनिधियों की औपचारिकता से मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं में मायूसी के बीच हर्षोउल्लास के साथ मनाई गई गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ, जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
राष्ट्रीय पर्वों पर जनप्रतिनिधियों की औपचारिकता से मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं में मायूसी के बीच हर्षोउल्लास के साथ मनाई गई गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ, जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर ने किया ध्वजारोह
कटनी(YASHBHARAT.COM)। समय के साथ राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम भी औपचारिक होते जा रहे हैं या यू कहे कि राष्ट्रीय पर्वों पर भी औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस व 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर शासकीय कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जिला मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक कई दिन पहले से इन दोनों राष्ट्रीय पर्वो को धूमधाम व हर्षोउल्लास के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो जाती हैं। खासकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती देने वाले स्कूली छात्र, परेड में भाग लेने वाले छात्र व पुलिसकर्मियों सहित जिला मुख्यालय के मुख्य कार्यक्रम में झांकियों को प्रदर्शित करने अधिकांश विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी कई दिन पहले से तैयारियों में जुट जाते हैं। सभी लोग अपने दिनचर्या के अलावा अतिरिक्त समय निकाल कर यह सब तैयारी करते हैं। यह सब तैयारी सिर्फ इस कारण की जाती है कि इन राष्ट्रीय पर्वो में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी सहित जनसमूह उनके सांस्कृतिक कार्यक्रम व झाकियों को देखकर उनका उत्साहवर्धन करें लेकिन पिछले कुछ समय से यह देखने में आ हा है कि राष्ट्रीय पर्वों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में उपस्थित तो होते हैं लेकिन 5 या 10 मिनट बाद ही वहां से निकल जाते हैं। जिसके कारण सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं सहित परेड व झाकियों का प्रदर्शन करने वाले विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों में निराशा के भाव आ जाते हैं कि जिनके लिए उन्होंने इतनी तैयारी कि वही उनका कार्यक्रम देखना पसंद नहीं कर रहे हैं। इसलिए ऐसे आयोजनों में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों सहित अधिकारी व कर्मचारियों को चाहिए कि वो पूरे समय कार्यक्रम में उपस्थित रह कर कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं, अधिकारी व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करें।
बहरहाल आज 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ जिले में धूमधाम व हर्षोउल्लास के साथ मनाई गई। जिले का मुख्य समारोह झिंझरी स्थित पुलिस के खेल मैदान में आयोजित किया गया। मुख्य समारोह में कलेक्टर आशीष तिवारी मुख्य अतिथि रहे, उनके द्धारा ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की शुरूआत की गई। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान और फिर भारत माता की जय व वंदे मातरम् के नारे लगाए गए। इसके बाद मुख्य अतिथि कलेक्टर आशीष तिवारी ने परेड की शलामी ली। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी सहित कई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। परेड के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं के द्धारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनों का मनमोह लिया। कर्तलध्वनि के साथ लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं का अभिवादन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद विभिन्न विभागों के द्धारा एक से बढक़र एक झाकियों का प्रदर्शन करते हुए लोगों संदेश देने की कोशिश की गई। कृषि विभाग, महिला बाल विकास विभाग, जिला पंचायत, जिला उघोग विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर निगम, वन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, यातायात पुलिस सहित कई विभागों की झाकियां शामिल रहीं।
इनकी रही उपस्थिति
गणतंत्र दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में विधायक संदीप जायसवाल, महापौर प्रीती संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, यातायात प्रभारी राहुल पांडे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।








