katniमध्यप्रदेश

निगमायुक्त  ने ऑनलाइन राजस्व सेवाओं को समयबद्ध करने के दिए निर्देश,नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण में आई तेजी, 49 दिन में 369 प्रकरण निराकृत,लंबित नामांतरण प्रकरणों का 15 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

निगमायुक्त  ने ऑनलाइन राजस्व सेवाओं को समयबद्ध करने के दिए निर्देश,नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण में आई तेजी, 49 दिन में 369 प्रकरण निराकृत,लंबित नामांतरण प्रकरणों का 15 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्दे

 

कटनी – नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने ऑनलाइन नामांतरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष फोकस किया है।

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विगत दिवस आयोजित राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में लंबित नामांतरण प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर 15 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने नामांतरण प्रकरणों के निराकरण में आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियागत कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए संबंधित अमले को आवश्यक सहयोग एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन प्राप्त होने वाले नामांतरण प्रकरणों का समयबद्ध परीक्षण एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित न रहें।

 

*49 दिन में 369 नामांतरण प्रकरण निराकृत*

 

नागरिकों को राजस्व सेवाएं त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम द्वारा नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद नामांतरण प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि 1 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक कुल 369 नामांतरण प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इनमें 358 प्रकरण ऑफलाइन प्राप्त हुए थे, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से निराकरण किया गया, जबकि 11 प्रकरण ऑनलाइन प्राप्त होकर ऑनलाइन ही निराकरण किए गए हैं। शेष प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण की कार्यवाही भी निरंतर प्रगतिरत है।

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार कहा कि ऑनलाइन सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों को कार्यालयीन प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी से बचाते हुए पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध राजस्व सेवा उपलब्ध कराना है। इस दिशा में राजस्व शाखा के अधिकारी-कर्मचारी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई पूर्ण करें तथा नए प्राप्त होने वाले प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

Back to top button