jabalpur

MP School Exam Update: कल से नौवीं व 11वीं के विद्यार्थियों को मिलेंगे प्रश्न पत्र, 198 स्कूलों में हुआ वितरण

जबलपुर। कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर ओपन बुक एग्जाम हो रहे हैं। 12 अप्रैल से स्कूलों में विद्यार्थियों को पर्चे बांटे जाएंगे जिनके जवाब घर से लिखकर लाना होगा। इससे पहले स्कूलों को पर्चे बांटे गए। समन्वयक संस्था शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रश्न पत्रों का वितरण बीते शुक्रवार को किया गया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए भीड़ न लगे इसे लेकर वितरण प्रक्रिया को तीन चरणों में अंजाम दिया गया था। सुबह 10 बजे से 12बजे के बीच पहले चरण में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के साथ उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को बुलाया गया था। सभी अपने साथ सुरक्षा सामग्री को भी लेकर आए थे।

दूसरा चरण 12 बजे से 2 बजे के बीच चला। इसमें जबलपुर ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों के प्राचार्य एवं उनके द्वारा अधिकृत अधिकारियों को प्रश्न पत्र लेने के लिए पहुंचे। जबकि तीसरे चरण में दोपहर 2बजे से 4बजे के बीच शेष बचे स्थानीय शहरी क्षेत्र के स्कूलों के प्राचार्य पहुंचे। सभी अपने साथ पेटी ताला चाबी लेकर आए। छात्रवार प्रश्न पत्रों के सील पैक बंडलों को स्कूल में सुरक्षित रखवाया गया। जिसे 12 अप्रैल को छात्रों को बुलाकर प्रश्न पत्र दिए जाएंगे। जिले के 198 स्कूलों में प्रश्न पत्रों का वितरण किया गया है। विदित हो कि इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुए ओपन बुक पद्धति के माध्यम से परीक्षा कराई जा रही है। विद्यार्थी निर्धारित अवधि के भीतर जवाब लिखकर वापस उत्तरपुस्तिका को स्कूलों में जमा करेंगे।

जेडी का अतिरिक्त प्रभार: संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा अघना देव के अवकाश पर जाने की वजह से आयुक्त स्कूल शिक्षा ने उपसंचालक डॉ.राम मनोहर तिवारी प्राचार्य शासकीय पूर्व बुनियादी प्रशिक्षण संस्थान को अपने वर्तमान कार्य के साथ ही संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग का भी अतिरिक्त प्रभार दिया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम