Friday, May 15, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

MP Board 12th Examination जूते-मोजे, टोपी और जैकेट उतरवाकर होगी चेकिंग, सुबह 8 बजे पहुंचना होगा

भोपाल (यशभारत) । MP Board 12th Examination माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बारहवीं बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। इस बार माशिमं काफी सख्त है।

बारहवीं का पहला पेपर विशिष्ट भाषा हिंदी का होगा। परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक है।

सभी परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। दरअसल, विद्यार्थियों के जूते-मोजे, टोपी और जैकेट उतरवाकर चेकिंग की जाएगी। वहीं दिव्यांग विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक होगी।

इस साल बारहवीं की परीक्षा में 8 लाख 2 हजार विद्यार्थी 3657 परीक्षा केंद्रों पर बैठेंगे। 10वीं -12वीं दोनों परीक्षाओं में करीब 20 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्र पर सभी विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रात: 8:30 बजे तक उपस्थित हो जाएं। परीक्षा कक्ष में 8:45 के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं प्रदेश के 448 संवेदनशील और 257 अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था होगी। इन केंद्रों की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी भी की जाएगी।

दसवीं की परीक्षा 3 मार्च से : दसवीं की परीक्षा 3 मार्च से शुरू हो रही है। पहला पेपर द्वितीय व तृतीय भाषा संस्कृत से होगा। इसमें प्रदेश से करीब साढ़े 11 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।

10 मिनट पूर्व उत्तरपुस्तिका दी जाएगी

परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट पूर्व प्रात: 8:50 बजे विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका एवं पांच मिनट पहले यानि 8:55 पर प्रश्न-पत्र दिए जाएंगे। वहीं 9 बजे से परीक्षा शुरू होगी। उत्तरपुस्तिका मिलते ही विद्यार्थी सावधानी से अपना नाम, रोल नंबर आदि भर लें। इसके बाद प्रश्न पत्र मिलते ही पूरे पेपर को 5 मिनट में देख लें कि किस प्रश्न को पहले करना है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम