MP विधानसभा सत्र का दूसरा दिन, इमरजेंसी पर BJP-कांग्रेस के बीच जोरदार हंगामा

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन इमरजेंसी को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच जमकर हंगामा जारी है. दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा जोरदार हंगामा शुरू हो गया. सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओ में तीखी बहस भी हुई. इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक आसंदी तक पहुंच गए. वहीं BJP ने इमरजेंसी को देश के इतिहास में सबसे काला दिन बताया. हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित भी की गई.
दिन की शुरुआत से पहले कांग्रेस ने कहा है कि विधानसभा सत्र के दूसरे दिन विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग करेगा. उनका आरोप है कि अविश्वास प्रस्ताव में कुछ नया नहीं होने की बात कहकर सत्ता पक्ष चर्चा से भागने की कोशिश में लगा है.
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बताया कि सत्र के पूरे समय तक चलने पर संशय है. हालांकि अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस को बसपा का साथ मिला है. बसपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सत्यप्रकाश ने कहा कि बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ बसपा विधानसभा में कांग्रेस का साथ देगा. उन्होंने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव में विपक्षको एकजुट बताया है.
बता दें कि शिवराज सरकार का चुनाव से पहले शुरू हुआ अंतिम विधानसभा सत्र का पहला दिन हंगामें की भेंट चढ़ गया था. सत्र की हंगामेदार शुरुआत हुई. कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा के अंदर घुसे. इसी बीच कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में मंदसौर गोलीकांड के पर्चे लहराए. कांग्रेस नेताओं ने मंदसौर गोलीकांड की रिपोर्ट को लेकर सवाल खड़े किए.
वहीं सत्र के पहले दिन सोमवार को हंगामे के बीच विधानसभा में कांग्रेस विधायक राम निवास रावत ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. उन्होंने आसंदी से अनुमति मांगी. विधानसभा स्पीकर ने कहा कि विपक्ष की सूचना पर प्रस्ताव को चर्चा में लेने पर विचार होगा. विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव में सरकार के खिलाफ तीन दर्जन आरोप के बिंदु शामिल किए गए हैं. इसमें सरकारी विभागों में गोलमाल, भ्रष्टाचार, कुपोषण, कानून व्यवस्था समेत कई विषय शामिल हैं.









