MP विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष हजारीलाल रघुवंशी नहीं रहे
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता दादा हजारीलाल रघुवंशी का गुरुवार दोपहर भोपाल के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे का 93 साल के थे। श्री रघुवंशी का लंबे समय से भोपाल के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। स्व. रघुवंशी अपने पीछे पांच पुत्र-पुत्र बधु और पांच पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
5.जुलाई, 1930 को होशंगाबाद जिले के ग्राम चतरपुर में जन्मेे श्री रघुवंशी पिछले कुछ महीने से बीमार चल रहे थे। आज सुबह उनके निज निवास पांच नूपुर कुंज अरेरा कॉलोनी में तबीयत अचानक खराब होने के कारण उन्हें नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया जहां उन्होंने आज दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली। श्री रघुवंशी का पार्थिव शरीर आज शाम को सिवनी मालवा जिला होशंगाबाद ले जाया जाएगा तथा कल शुक्रवार सुबह आवली नर्मदा घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। श्री रघुवंशी पूर्व कांग्रेस विधायक ओम प्रकाश रघुवंशी तथा होशंगाबाद जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदेव सिंह रघुवंशी के पिता थे। श्री रघुवंशी 1980 से 1998 तक कांग्रेस सरकार में गृह, जेल, सिंचाई, पंचायत, लोक निर्माण, कृषि, नगरीय कल्याण एवं सहकारिता विभाग के मंत्री रहे। इसके बाद 2003 से 2008 तक मध्यप्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे। राजनीति के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहकर वे वर्षों तक अखिल भारतीय रघुवंशी( क्षत्रिय) महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। श्री रघुवंशी के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शोक व्यक्त किया है। अभा रघुवंशी (क्षत्रिय) महासभा के राष्ट्रीय महासचिव उमाशंकर रघुवंशी कार्यकारी अध्यक्ष पीएस रघु, प्रदेश अध्यक्ष विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी तथा कोषाध्यक्ष श्री शिववरण सिंह रघुवंशी ने विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि रघुवंशी समाज के लिए उनका जो योगदान रहा तथा अविभाजित मध्य प्रदेश के विकास और आम लोगों की उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री रघुवंशी के निधन से रघुवंशी समाज को अपूर्ण क्षति हुई है।

