मध्यप्रदेश

MP में ट्रांसफर; एपी श्रीवास्तव फिर प्रशासन अकादमी महानिदेशक बने

Bhopal। Transfer in Madhya Pradesh मुख्यमंत्री सचिवालय में लंबे समय से पदस्थ प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल की आखिरकार छुट्टी हो ही गई। उन्हें वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।

वे पूर्व में शिवराज सिंह चौहान और फिर कमल नाथ के प्रमुख सचिव रहे हैं। वहीं, विभाग के अपर मुख्य सचिव एपी श्रीवास्तव को एक बार फिर मंत्रालय से बाहर भेजते हुए प्रशासन अकादमी का महानिदेशक पदस्थ किया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय से बर्णवाल सहित छह अधिकारियों को मुक्त करते हुए जनसंपर्क विभाग के संचालक ओपी श्रीवास्तव को अपर सचिव, सुधीर कुमार कोचर को उपसचिव, भूपेंद्र सिंह परस्ते को विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी और राजेश श्रीवास्तव को अवर सचिव बनाया गया है। रीवा कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव को शहडोल कमिश्नर आरबी प्रजापति के सेवानिवृत्त होने पर अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

1982 बैच के आईएएस अफसर सुधिरंजन मोहंती के मंगलवार को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रशासन अकादमी में एपी श्रीवास्तव या एम. गोपाल रेड्डी को पदस्थ करने की संभावना जताई जा रही थी।

1985 बैच के अफसर इकबाल सिंह बैंस को मुख्य सचिव बनाने जाने के बाद उनसे एक बैच वरिष्ठ अधिकारी (1984) एपी श्रीवास्तव को मंत्रालय के बाहर पदस्थ किया ही जाना था। श्रीवास्तव पहले भी प्रशासन अकादमी में काम कर चुके हैं, इसलिए उन्हें यही पदस्थ किया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम