Latestमध्यप्रदेश

MP जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के मानदेय में वृद्धि, राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण करने का भी अधिकार होगा

Madhya Pradesh News:। मध्‍य प्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के मानदेय में सरकार वृद्धि करेगी। साथ ही राष्ट्रीय पर्व पर जिलों में ध्वजारोहण भी करेंगे। 15वें वित्त आयोग और मनरेगा के कामों को छोड़कर शेष कार्यों की स्वीकृति जिला पंचायत अध्यक्ष देंगे।

मंगलवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के साथ जिला पंचायत अध्यक्षों की बैठक में इन मांगों पर सहमति बनी। बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्षों की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक होगी, जिसमें अंतिम निर्णय होगा।

उन्होंने राष्ट्रीय पर्व पर जिला पंचायत अध्यक्षों को ध्वाजारोहण करने का अवसर देने की मांग पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी। साथ ही कहा मनरेगा एवं 15 वें वित्त आयोग के कार्यों को छोडकर शेष सभी कार्यों की स्वीकृति जिला पंचायत अध्यक्ष से लेने की व्यवस्था को बनाया जाएगा।
बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की सभी मांगों पर विचार किया गया है। इस संबंध में बुधवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांगों पर चर्चा करके अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, विभाग के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के नेतृत्व में पंचायत अध्यक्षों ने मंगलवार को ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया से भेंटकर मानदेय में वृद्धि सहित अन्य मांगें रखीं।
इन पर सहमति जताते हुए विभागीय मंत्री ने कहा कि वित्त और सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित मांगों को अनुमोदन के साथ मुख्यमंत्री को भेजा है। वे संवेदनशील हैं और सभी न्यायोचित मांगें पूरी की जाएंगी। मानदेय और वाहन भत्ता भी बढ़ाया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम