शिवपुरी: सड़क पर झाड़ू लगा रहे पति-पत्नी को अनियंत्रित कार ने रौंदा; दोनों की दर्दनाक मौत, 3 मासूमों के सिर से उठा साया
विशेष रिपोर्ट (यशभारत.कॉम): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक रूह कंपा देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में हाईवे मेंटेनेंस का काम कर रहे एक दंपत्ति को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बुरी तरह कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में पति और पत्नी दोनों की मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों के सिर से मां-बाप का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
झाड़ू लगाकर सड़क साफ कर रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के मुताबिक, सिरसौद निवासी बलबीर लोधी ने पुलिस को बताया कि वह हाईवे मेंटेनेंस में सफाई का काम करता है। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सुपरवाइजर और अन्य मजदूरों के साथ रामश्री वंशकार (34) और उनके पति धर्मेंद्र वंशकार हाईवे किनारे झाड़ू लगाकर सड़क निर्माण के लिए सफाई कर रहे थे।
इसी दौरान दिनारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार (MP-04 ZT 2013) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सीधे मजदूरों को रौंद दिया।शिवपुरी: सड़क पर झाड़ू लगा रहे पति-पत्नी को अनियंत्रित कार ने रौंदा; दोनों की दर्दनाक मौत, 3 मासूमों के सिर से उठा साया
पत्नी की मौके पर मौत, पति ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामश्री वंशकार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति धर्मेंद्र के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। दुर्घटना में साथ काम कर रही एक अन्य महिला सीता देवी भी घायल हो गई।
हादसे की चपेट में आकर वहां खड़ी एक महिंद्रा कैंपर गाड़ी और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तुरंत झांसी ले जाया गया, जहाँ से धर्मेंद्र की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर किया। देर रात इलाज के दौरान धर्मेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। शिवपुरी: सड़क पर झाड़ू लगा रहे पति-पत्नी को अनियंत्रित कार ने रौंदा; दोनों की दर्दनाक मौत, 3 मासूमों के सिर से उठा साया
अनाथ हुए 3 मासूम: “मम्मी-पापा कब आएंगे?”
इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है। मृतक दंपत्ति अपने पीछे 4 साल का मासूम बेटा और 10 व 13 साल की दो बेटियां छोड़ गए हैं। अनाथ हुए मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि उनके मम्मी-पापा घर कब आएंगे।
कार चालक पर मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर लापरवाही से कार चलाने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका रामश्री के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायल सीता देवी का इलाज जारी है।



















