Saturday, April 25, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

सलैया पटोरी में आधुनिक साइलो केंद्र शुरू,किसानों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत

सलैया पटोरी में आधुनिक साइलो केंद्र शुरू,किसानों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत

 

कटनी।जिले में गेहूं उपार्जन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को सलैया पटोरी में आधुनिक साइलो केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में शुरू हुए इस केंद्र पर पहुंचे किसानों का सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला द्वारा तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसी के साथ साइलो केंद्र में गेहूं उपार्जन कार्य भी प्रारंभ हो गया।

 

 

कलेक्टर श्री तिवारी की अध्यक्षता में बीते दिनों आयोजित जिला उपार्जन समिति की बैठक में किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए साइलो बैग गोदामों की उपलब्ध रिक्त क्षमता के आधार पर जिले के 22 उपार्जन केन्द्रों को सलैया पटोरी साइलो केंद्र से संबद्ध किया गया है। इस फैसले से किसानों में उत्साह का माहौल है और उपार्जन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

तहसीलवार उपार्जन केन्द्र

बहोरीबंद तहसील के उपार्जन केन्द्र –बहोरीबंद, हथियागढ़, बचैया, कुआं, कूड़न, किवलारी, बाकल, मसंधा, सिंहुड़ी, बरही (बाकल), इमलिया, कूड़ा, चांदनखेड़ा, देवरी (खरगवां), पथराडी पिपरिया, सलैया कला (पटोरी) और खमतरा।

 

रीठी तहसील के उपार्जन केन्द्र –मोहास, बड़गांव और बकलेहटा

 

स्लीमनाबाद तहसील के उपार्जन केन्द्र–कौडिया और जुजावल

इन सभी केन्द्रों के किसान अब जेएसडब्ल्यू इंडस्ट्रीज साइलो, सलैया पटोरी में सुविधाजनक ढंग से समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं विक्रय कर सकेंगे।

 

किसानों को मिलेंगे ये लाभ

साइलो केंद्र में गेहूं खरीदी शुरू हो जाने से उपार्जन केन्द्रों पर भीड़ में कमी आयेगी।फसल का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण होगा और तौल एवं परिवहन प्रक्रिया में सुगमता तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होने में मदद मिलेगी।आधुनिक साइलो प्रणाली के माध्यम से यह पहल जिले में पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान-केंद्रित उपार्जन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि