Monday, April 6, 2026
Latest:
Latest

MLA खाली करें अतिथि गृह, ताकि‍ नए वि‍धायकों को आवंटित किया जा सके आवास

Bhopal News:MLA खाली करें अतिथि गृह, ताकि‍ नए वि‍धायकों को आवास आवंटित किया जा सके। मतदान होने के बाद विधानसभा सचिवालय ने 16वीं विधानसभा के गठन की तैयारी प्रारंभ कर दी है। तीन दिसंबर को परिणाम आएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित विधायक निर्वाचन प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए विधानसभा पहुंचेंगे। इसके लिए समिति कक्ष में सहायता केंद्र बनाया जा रहा है। वहीं, विधायकों को ठहराने के लिए भोपाल के अतिथि गृह आरक्षित करने लोक निर्माण, वन, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों को पत्र लिखा गया है।

विधायक विश्रामगृह में जारी व्यवस्था

विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित विधायकों का आना शुरू हो जाएगा। निर्वाचन प्रमाण पत्र जमा करने के साथ खाता खुलवाने, परिचय पत्र के लिए फोटो लेने सहित अन्य प्रक्रिया की जाएगी। विधायकों को ठहराने के लिए विधायक विश्रामगृह में व्यवस्था की जा रही है।

चुनाव न लड़ने वाले विधायकों से आवास खाली करने का अनुरोध

जिन वर्तमान विधायकों ने चुनाव नहीं लड़ा है, उनसे पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि नई विधानसभा के गठन तक आवास रिक्त कर दें तो उन्हें दूसरों को आवंटित किया जा सकेगा। इसमें विधायक विश्राम गृह के अलावा भोपाल में अन्य स्थानों पर आवंटित आवास शामिल हैं। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर भोपाल में लोक निर्माण, वन, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों के जो अतिथि गृह हैं, उन्हें सचिवालय के लिए आरक्षित करने संबंधी पत्र लिखा गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम