Latest

Mizoram Tragedy: मिजोरम में खाई में गिरी कार; DD न्यूज आइजोल के समाचार निदेशक और PIB के ADG समेत 3 वरिष्ठ अधिकारियों की दर्दनाक मौत

Mizoram Tragedy: मिजोरम में खाई में गिरी कार; DD न्यूज आइजोल के समाचार निदेशक और PIB के ADG समेत 3 वरिष्ठ अधिकारियों की दर्दनाक मौत

आइजोल / नई दिल्ली: मिजोरम से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राज्य की राजधानी आइजोल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सियालसुक (Sialsuk) के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में दूरदर्शन (DD News) आइजोल केंद्र के समाचार निदेशक नांपिबोउ मरानमई (Nampibou Marinmai) और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के एक वरिष्ठ अधिकारी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

यह भीषण दुर्घटना उस समय हुई जब चारों लोग सियालसुक पर्यटन स्थल से भ्रमण कर वापस आइजोल लौट रहे थे, जो राज्य की राजधानी से लगभग 65 किलोमीटर दूर स्थित है।

हादसे में गवाने वाले अधिकारियों की पहचान

  1. नांपिबोउ मरानमई (Nampibou Marinmai): निदेशक (समाचार), DD News आइजोल केंद्र। वे रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO Defence) और रक्षा पत्रकारिता से लंबे समय तक जुड़े रहे।

  2. डॉ. एंगम पामे (Dr. Engam Pame): अपर महानिदेशक (ADG), प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) क्षेत्रीय कार्यालय, इंफाल।

  3. एच. लियानवाला (H. Lianwala): एमटीएस (MTS), केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) आइजोल क्षेत्रीय कार्यालय।

दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नांपिबोउ मरानमई का रक्षा पत्रकारिता में रहा महत्वपूर्ण योगदान

दिवंगत अधिकारी नांपिबोउ मरानमई ने अपने करियर के दौरान DPR मुख्यालय में PRO डिफेंस और DD News मिजोरम के निदेशक के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। रक्षा मामलों और रिपोर्टिंग से उनका गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों (Indian Armed Forces) की उपलब्धियों और सैन्य गतिविधियों को आम जनमानस तक पहुँचाने में बेहद महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उनकी निष्ठा, समर्पित सेवाओं और मीडिया क्षेत्र में योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने जताया शोक

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।

Back to top button