बालाजी नगर में नाले की शिकायत पर महापौर का एक्शन, मौके पर पहुंचकर दिए तत्काल सुधार के निर्देश
बालाजी नगर में नाले की शिकायत पर महापौर का एक्शन, मौके पर पहुंचकर दिए तत्काल सुधार के निर्दे
कटनी -शहर के बालाजी नगर क्षेत्र में हाल ही में निर्मित नाले को लेकर मिल रही शिकायतों पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एमआईसी सदस्य, संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
महापौर के पहुंचते ही क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखते हुए नाले के निर्माण में आई खामियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। नागरिकों ने बताया कि नाले में जगह-जगह अप-डाउन होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है और कई स्थानों पर पानी रुकने से जलभराव की स्थिति बन रही है।
महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने नाले की संरचना, ढाल (स्लोप) एवं जल प्रवाह की स्थिति को देखते हुए संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले में मौजूद सभी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए तथा पानी की सुचारू निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने महापौर द्वारा त्वरित कार्रवाई और मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए जल्द सुधार की उम्मीद जताई।
इस दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व डॉ रमेश सोनी,सुभाष साहू,जयनारायण निषाद,बीना बैनर्जी,सुरेंद्र गुप्ता,उमेंद्र अहिरवार,उपयंत्री पवन श्रीवास्तव साहित स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।

