बंगाल में TMC को बड़ा झटका: पूर्व सांसद और अभिनेत्री कोयल मल्लिक BJP में शामिल, राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन

बंगाल में TMC को बड़ा झटका: पूर्व सांसद और अभिनेत्री कोयल मल्लिक BJP में शामिल, राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की पूर्व राज्यसभा सांसद और बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक (असली नाम— रुक्मिणी मल्लिक) आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गई हैं। बीजेपी ने कोलकाता में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले रविवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें पश्चिम बंगाल से होने वाले आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उम्मीदवारी के ऐलान के बाद सोमवार को वह राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचीं।
“भाजपा में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रही हूँ”- कोयल मल्लिक
बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद कोयल मल्लिक ने कहा:
“बीजेपी में शामिल होकर मैं बेहद सम्मानित और खुश महसूस कर रही हूँ। राज्य में पिछले कुछ महीनों में भाजपा द्वारा किए गए विकास और कल्याणकारी कार्यों पर मुझे गर्व है। मैं जानती हूँ कि लोगों की सेवा कैसे की जाती है। इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है।”
TMC छोड़ भाजपा का थामा हाथ
मशहूर अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी कोयल मल्लिक को इसी साल तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा भेजा गया था। हालांकि, उन्होंने जुलाई में टीएमसी और सांसद पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे से खाली हुई पश्चिम बंगाल की इस एकमात्र राज्यसभा सीट पर अब 16 अक्टूबर को उपचुनाव होने जा रहा है, जिसमें भाजपा ने उन्हें ही फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है।







