katniLatest

कटनी में अवैध बसों पर बड़ी कार्रवाई, दो यात्री बसें और एक स्कूल बस जप्त

कटनी ।कटनी में अवैध बसों पर बड़ी कार्रवाई, दो यात्री बसें और एक स्कूल बस। जप्त कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार जिले में फिटनेस और वैध लाइसेंस के बिना संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल द्वारा बुधवार को जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कई वाहनों की जांच की गई।

कटनी में अवैध बसों पर बड़ी कार्रवाई, दो यात्री बसें और एक स्कूल बस जप्त

जांच के दौरान दो यात्री बसें नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं। ये बसें निर्धारित 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुकी थीं और इनके पास वैध परमिट भी नहीं था। बस क्रमांक एमपी-09-एफए-3323 और एमपी-21-पी-0225 को तत्काल कार्रवाई करते हुए जप्त कर लिया गया। इनमें से एक बस को थाना बरही और दूसरी को थाना बड़वारा में सुरक्षित रखा गया है।

अभियान के दौरान एक गंभीर मामला स्कूल बस से जुड़ा सामने आया। बस क्रमांक एमपी-21-पी-0293 में न तो वैध फिटनेस प्रमाण पत्र था, न परमिट और न ही बीमा। इसके अलावा इस वाहन का टैक्स भी वर्ष 2024 से जमा नहीं किया गया था। इस स्थिति में बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा देखते हुए परिवहन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की।

एआरटीओ संतोष पॉल ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार सभी स्कूली बच्चों को अपने वाहन के माध्यम से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। इसके बाद उक्त स्कूल बस को भी जप्त कर थाना बरही में रखा गया।

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सभी वाहन मालिकों और संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज जैसे फिटनेस, परमिट, बीमा और टैक्स समय पर पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम