katniमध्यप्रदेश

कटनी–सिंगरौली रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से पीछे लुढ़की कोयला लदी मालगाड़ी

कटनी–सिंगरौली रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से पीछे लुढ़की कोयला लदी मालगाड़

कटनी। कटनी–सिंगरौली रेलखंड पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सिंगरौली से एनकेजे (कटनी) आ रही कोयला लदी मालगाड़ी मड़वासग्राम स्टेशन के पास अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई। ढलान होने के कारण मालगाड़ी करीब 300 मीटर पीछे की ओर लुढ़क गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी को चालक द्वारा मड़वासग्राम स्टेशन पर रोका गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद ढलान के कारण ट्रेन अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी। मालगाड़ी में कुल 56 वैगन लगे हुए थे। ब्रेक फेल होते ही चालक और गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए बार-बार ब्रेक लगाए। इसके साथ ही ट्रैक पर गिट्टी रखकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, जिससे संभावित डिरेलमेंट टल गया।
हालांकि इस दौरान रेल लाइन का प्वाइंट टूट गया, जिससे रेलवे को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

*जांच कमेटी गठित, अफसर मौके पर पहुंचे*
घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल द्वारा कनिष्ठ प्रशासनिक वर्ग के अधिकारियों की जांच कमेटी गठित कर दी गई है। सूचना मिलते ही सीनियर डीएसओ अमित साहनी और सीनियर डीओएम (जी) अजय शुक्ला सड़क मार्ग से मड़वासग्राम पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की।
बताया गया है कि संबंधित इंजन संख्या 27192 (खड़गपुर शेड) के ब्रेक सिस्टम की विशेष जांच की जाएगी। इसके साथ ही मालगाड़ी के सभी वैगनों और इंजन को एनकेजे (कटनी) में खड़ा कराकर उनकी गहन तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Back to top button