katniमध्यप्रदेश

कटनी में बड़ा हादसा टला: हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, एक दर्जन यात्री घायल, कुठला पुलिस ने किया त्वरित रेस्क्यू

कटनी में बड़ा हादसा टला: हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, एक दर्जन यात्री घायल, कुठला पुलिस ने किया त्वरित रेस्क्यू

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम द्वारा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बनारस से इंदौर की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दुर्घटना में लगभग एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया तथा क्रेन की सहायता से पलटी हुई बस को सीधा कर सड़क से हटवाया, जिससे आवागमन पुनः सुचारु हो सका।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक का वाहन पर नियंत्रण अचानक बिगड़ जाने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते पुलिस और स्थानीय नागरिकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

Back to top button