Sunday, April 19, 2026
Latest:
katni

झुकेही स्टेशन पर बड़ा हादसा: जनता एक्सप्रेस से गिरकर यात्री लहूलुहान, रेलवे स्टाफ की तत्परता से अस्पताल पहुंचा युवक

कटनी यशभारत डॉट कॉम। कटनी-मैहर रेल खंड के बीच झुकेही स्टेशन के पास आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ जनता एक्सप्रेस से गिरकर एक अज्ञात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्री की स्थिति नाजुक बनी हुई है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

 

आउटर के पास गिरा यात्री

जानकारी के अनुसार, जनता एक्सप्रेस जैसे ही झुकेही स्टेशन के आउटर के समीप पहुँची, तभी एक यात्री अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। ट्रेन की गति तेज होने के कारण यात्री को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन सक्रिय हो गया।

 

तत्परता से पहुँचाया गया अस्पताल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए झुकेही स्टेशन मास्टर ने तत्काल निर्णय लिया और घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य उपलब्ध ट्रेन के माध्यम से कटनी स्टेशन के लिए रवाना किया।

कटनी स्टेशन पर सूचना मिलते ही डिप्टी एसएम चितरंजन दुबे ने मोर्चा संभाला। ट्रेन के पहुँचते ही घायल को सावधानीपूर्वक नीचे उतरवाया गया। इसके बाद रेलवे के सफाई मित्रों के सहयोग से घायल को तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

 

शिनाख्त की कोशिशें जारी

जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण यात्री की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घायल के पास से अभी तक कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है जिससे उसका नाम या पता मालूम हो सके। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के थानों में यात्री की जानकारी साझा की गई है।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक