महिला कांग्रेस ने मनाया 42वां स्थापना दिवस छात्राओं और महिलाओं से संवाद, स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

महिला कांग्रेस ने मनाया 42वां स्थापना दिवस
छात्राओं और महिलाओं से संवाद, स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किया जागरू
कटनी। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को महिला कांग्रेस का 42वां स्थापना दिवस छात्राओं एवं महिलाओं के बीच केक काटकर मनाया गया। इस दौरान महिला कांग्रेस के गठन के उद्देश्यों, महिला सशक्तिकरण तथा छात्राओं के हित में चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी गई।
रजनी वर्मा ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के प्रयासों से महिलाओं को राजनीति में सक्रिय भागीदारी दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला कांग्रेस की नींव रखी गई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर छात्राओं को स्वास्थ्य, हाइजीन और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा प्रत्येक जिले में 100 छात्राओं एवं महिलाओं को गोद लेने की मुहिम शुरू की गई है। इसके तहत एक वर्ष तक प्रतिमाह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा संचालित प्रियदर्शिनी उड़ान के माध्यम से महिलाओं द्वारा निर्मित सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसकी शुरुआत स्थापना दिवस के अवसर पर की गई।
कार्यक्रम में श्वेता कटारे ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी जानकारी दी। शशि यादव ने बदलते परिवेश में होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों पर चर्चा की। कांग्रेस नेत्री रूपा पाठक ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया गया। पूर्व प्रदेश सहसचिव सुमन रजक ने युवाओं एवं छात्रों के हित में राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में रजनी वर्मा, श्वेता कटारे, सुमन रजक, शशि यादव, कल्पना पाठक, रूपा तिवारी, साधना जैन, लीला अहिरवार, हेमलता बैरागी, माधुरी कश्यप, मधु पाठक सहित महिला कांग्रेस की अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं








