मध्य प्रदेश पर्यटन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 27 जुलाई को: पर्यटन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का परखा जाएगा प्रदेश का सामान्य ज्ञान.

MP Tourism

’पर्यटन प्रतियोगिता खोलेगी प्रदेश के सैरसपाटे के द्वार.

कटनी अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध मध्य प्रदेश के सामान्य ज्ञान की जानकारी अब विद्यार्थियों को सैरसपाटा करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर सकती है। 27 जुलाई को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र, पदक के साथ मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को भ्रमण कराया जाएगा।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड (एमपीटीबी) तथा जिला प्रशासन के संयोजन से प्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक समृद्धि, महापुरुषों एवं पर्यटन महत्व की संभावनाओं से छात्र-छात्राओं को अवगत कराने तथा पर्यटन के माध्यम से सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

जिला स्तरीय पर्यटन क्विज के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता दो स्तर पर आयोजित होगी, जिसमें पहले लिखित परीक्षा होगी जिसमें शीर्ष छह टीमें मल्टीमीडिया राउंड में सम्मिलित होंगी। जिसमे प्रथम तीन टीमें विजेता एवं शेष तीन टीमें उप विजेता घोषित होंगी। इन सभी छह टीमों को प्रमाण पत्र, कूपन एवं मेडल के साथ ही मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों का मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के माध्यम से भ्रमण करने का अवसर प्राप्त होगा।

इसे भी पढ़ें-  ट्रक हड़पने के लिए रची साजिश: उत्कर्ष उपाध्याय का ट्रक कब्जे में लेकर फर्जी दस्तावेजों से भाई के नाम कराया ट्रांसफर; मनीष गिरी समेत 4 पर केस