Monday, April 6, 2026
Latest:
FEATUREDमध्यप्रदेश

Madhya Pradesh Lockdown: सीएम शिवराज बोले- MP में लॉकडाउन नहीं किया जाएगा, मगर मास्क जरूर पहनें

Madhya Pradesh Lockdown News: भोपाल | प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कलेक्टरों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से फिर बात की और इंदौर, भोपाल, बैतूल, जबलपुर व छिंदवाड़ा में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

साथ ही कहा कि आर्थिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए प्रदेश में लॉकडाउन नहीं किया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों के मजदूर काम करने के लिए अन्य राज्य न जाएं, उन्हें मनरेगा के तहत गांव में ही काम दिलाया जाएगा। उन्होंने सभी से अनिवार्य रूप से मास्क लगाने, पर्याप्त शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी कहा कि बीमारी आम और खास को देखकर नहीं आती है। मास्क सभी को लगाना चाहिए।

इंदौर में 139 और भोपाल में 70 नए मामले

 

मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि जिन जिलों में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं, वहां सावधानी बरती जाए। वरिष्ठ प्रभारी अधिकारी सतर्कता बरतें। प्रभार वाले जिलों को लगातार निगरानी हो। जागरूकता के लिए कलेक्टर अभियान चलाएं। रोको-टोको की रणनीति अपनाई जाए। आपदा प्रबंधन समूह की बैठक करके कोरोना नियंत्रण संबंधी निर्णय लें। इस दौरान बताया गया कि इंदौर में 139, भोपाल में 70, बैतूल में 15, जबलपुर में 14 तथा छिंदवाड़ा में नौ नए प्रकरण आए हैं। इंदौर की पॉजिटिविटी रेट 6.6 और भोपाल की 4.5 प्रतिशत है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि केंद्र सरकार के नए निर्णय के अनुसार 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों को कोरोना का वैक्सीन पहले लगाया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम