अवैध शराब परिवहन पर माधवनगर पुलिस की कार्रवाई, 36 लीटर शराब जब्
कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 04 पेटी देशी लाल मसाला शराब बरामद की, जिसमें कुल 200 पाव यानी 36 लीटर शराब शामिल है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹24 हजार बताई गई है। वाहन सहित जप्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि शांतिनगर गेट के पास स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक MP21 ZK 7876 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से 04 पेटी देशी लाल मसाला शराब बरामद हुई।
मौके से हर्षित उर्फ हर्ष गंगवानी (19), निवासी झूलेलाल मंदिर वाली गली, माधवनगर तथा मंथन जेतवानी (19), निवासी झूलेलाल मंदिर वाली गली, माधवनगर को पकड़ा गया। दोनों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पूछताछ में हर्षित ने पुलिस को बताया कि वह शराब गगन लोहानी के कहने पर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया है। मामले में गगन लोहानी के विरुद्ध धारा 49 बीएनएस के तहत विवेचना जारी है और पुलिस के अनुसार वह फिलहाल फरार है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना माधवनगर निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के कुशल नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्र.आर. कमलेश बैरागी, पवन सिंह, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह एवं अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















