तमिल संगम एक्सप्रेस में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, 9 संदिग्ध हिरासत में पूछताछ में 28 सितंबर की वारदात सहित रेलवे क्षेत्र की अन्य घटनाओं में संलिप्तता का दावा, 30 अन्य आरोपियों के बारे में मिली जानकारी

file 000000007adc822f89bb2b4f43a7e29f

तमिल संगम एक्सप्रेस में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, 9 संदिग्ध हिरासत में

पूछताछ में 28 सितंबर की वारदात सहित रेलवे क्षेत्र की अन्य घटनाओं में संलिप्तता का दावा, 30 अन्य आरोपियों के बारे में मिली जानकार

कटनी। 28 सितंबर की रात काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों को चाकू की नोक पर धमकाकर लूट और चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने खिरहनी फाटक व आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों में दबिश देकर नौ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 28 सितंबर की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही रेलवे क्षेत्र में सक्रिय करीब 30 अन्य अपराधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।

28 सितंबर को ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस के कटनी स्टेशन के समीप पहुंचने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर भयभीत किया था। बदमाश सोने की चेन, अंगूठी, नकदी और मोबाइल फोन सहित करीब 86 हजार रुपए की संपत्ति लेकर फरार हो गए थे। मामले में जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

चार विशेष टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में एएसपी कमल मौर्य और एएससी अशोक कुमार के नेतृत्व में चार विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों में कोतवाली टीआई राखी पाण्डेय, कुठला टीआई अखिलेश दाहिया, आरपीएफ पोस्ट कटनी प्रभारी वीरेन्द्र सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मेरावी, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत और रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय सहित पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

इन नौ संदिग्धों से पूछताछ

पुलिस ने समीर रूपेंद्र (21), अनुराग निषाद (21), जय निषाद (24), अतुल निषाद (25), शिवा निषाद (20), दीपक निषाद (22), करण निषाद (24), अरुण निषाद (20) और विकास निषाद (25), सभी निवासी खिरहनी फाटक, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

अन्य ट्रेन वारदातों की भी जांच

पूछताछ में 28 सितंबर की घटना के अलावा 21 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 18448 और 28 जुलाई को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को ICJS के माध्यम से खंगाल रही है और हिस्ट्रीशीट तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में रेलवे क्षेत्र में सक्रिय करीब 30 अन्य अपराधियों के संबंध में जानकारी मिली है। इनके संभावित ठिकानों और भूमिका की जांच करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।