Lok Sabha Speaker Chunav: थोड़ी देर में लोकसभा स्पीकर का चुनाव, संसद पहुंचे पीएम मोदी और ओम बिरला

Lok Sabha Speaker Chunav: थोड़ी देर में लोकसभा स्पीकर का चुनाव, संसद पहुंचे पीएम मोदी और ओम बिरला

Lok Sabha Speaker Chunav: थोड़ी देर में लोकसभा स्पीकर का चुनाव, संसद पहुंचे पीएम मोदी और ओम बिरला। लोकसभा स्पीकर का आज चुनाव होगा. विपक्ष ने ओम बिरला के खिलाफ के. सुरेश को उतारा है. स्पीकर चुनने के लिए सुबह 11 बजे वोटिंग होगी. पीएम नरेंद्र मोदी ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखेंगे. BJP और कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया. लोकसभा में 1976 के बाद पहली बार अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है।

18वीं लोकसभा के पहले सत्र का आज तीसरा दिन है. पिछले दो दिनों की कार्यवाही में निर्वाचित सांसदों ने सदन के सदस्यता की शपथ ली. साथ ही साथ लोकसभा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का ऐलान किया गया. एनडीए की तरफ से ओम बिरला और इंडिया गठबंधन की तरफ से कांग्रेस सांसद के सुरेश को उतारा गया. आज स्पीकर का चुनाव होगा. अगर ओम बिरला स्पीकर चुने जाते हैं तो ये भी एक ऐतिहासिक क्षण होगा क्योंकि बीजेपी से लगातार दूसरी बार एक ही व्यक्ति का स्पीकर चुने जाने का ये पहला मौका होगा।

 

वहीं, INDIA के उम्मीदवार के. सुरेश केरल के मवेलीकारा से 8 बार के सांसद हैं, लेकिन उनकी राह इस चुनाव में मुश्किल मानी जा रही है. 543 सदस्यीय लोकसभा में फिलहाल 542 सांसद हैं क्योंकि राहुल गांधी ने वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया है और ये सीट खाली है. लोकसभा में 293 सांसदों वाले NDA को स्पष्ट बहुमत हासिल है, जबकि INDIA के पास 236 सांसद हैं. वहीं, निर्दलीय समेत अन्य 13 सांसद हैं. चुनाव जीतने के लिए 271 वोट चाहिए होंगे।

 

 

1976 के बाद पहली बार होगी वोटिंग

विपक्ष के पास लोकसभा में संख्याबल नहीं है. वहीं, टीएमसी की तरफ से भी कहा गया है कि इसे लेकर उनसे सलाह मशवरा नहीं हुआ. इसके बाद भी स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार खड़ा किया है. अगर टीएमसी ने साथ नहीं दिया तो इंडिया के पास केवल 204 सांसद बचेंगे. आमतौर पर लोकसभा स्पीकर आम सहमति से चुन लिया जाता है. ऐसा तीसरी बार होगा जब लोकसभा में स्पीकर के पद के लिए वोटिंग होगी. 1976 के बाद पहली बार लोकसभा स्पीकर के लिए वोटिंग होगी.

राहुल गांधी होंगे लोकसभा में विपक्ष के नेता

वहीं, राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता होंगे. कांग्रेस की तरफ से इस फैसले को लेकर प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को पत्र लिख कर जानकारी दे दी गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर इंडिया अलायंस की बैठक हुई, जिसमें लगभग सभी पार्टी के नेता मौजूद थे. इसी में नेता प्रतिपक्ष को लेकर चर्चा हुई और फिर राहुल गांधी को इस पद की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर प्रोटेम स्पीकर को पत्र लिखा गया.

लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से कांग्रेस नेताओं की ओर से लगातार राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग उठ रही थी. कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में इसको लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया था. इसके बाद राहुल गांधी ने इस पर फैसला लेने को लेकर पार्टी से कुछ वक्त भी मांगा था.

 

Exit mobile version