लोकसभा में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उठाई कटनी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग
लोकसभा में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उठाई कटनी सहित रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

कटनी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने लोकसभा में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से महत्वपूर्ण प्रश्न किया। सांसद शर्मा ने कटनी जंक्शन, स्लीमनाबाद, रीठी सहित संसदीय क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई।
लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सांसद श्री शर्मा ने जिन ट्रेनों के कटनी स्टेशन में स्टॉपेज की मांग की गई उनमें गाड़ी क्रमांक 11059-छपरा एक्सप्रेस, 22360-पटना सुपरफास्ट, 11015-सहरसा अमृत भारत, 12293-प्रयागराज एस्क्प्रेस, 11060-मुंबई एल.टी.टी. एक्सप्रेस, 22359- मुंबई सी.एस.एम.टी. एक्सप्रेस 11016- मुंबई एल.टी.टी. अमृत भारत एक्सप्रेस 12294- मुंबई एल.टी.टी. ए.सी. एक्सप्रेस शामिल हैं। इसी तरह रेवांचल एक्सप्रेस का स्टापेज रीठी रेल्वे स्टेशन पर तथा बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस का स्टापेज पटौहा स्टेशन पर करने की मांग सांसद श्री वीडी शर्मा ने की। उन्होंने जनता एक्सप्रेस 13301-13302, रीवा-इतवारी ट्रेन 11753-11754, जबलपुर-लखनऊ (चित्रकूट) एक्सप्रेस 15205-15206, जबलपुर-अंबिकापुर एक्सप्रेस 11265-11266, जबलपुर गोंडवाना एक्सप्रेस 22181-22182, सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस 11651-11652 का स्टापेज स्लीमनाबाद स्टेशन पर करने गाड़ी क्रमांक 22190-22189 रीवा जबलपुर इंटरसिटी, 12182-12181 दयोदया एक्सप्रेस, 12190-12189 महाकौशल एक्सप्रेस का स्टापेज निवार स्टेशन पर करने की मांग लोकसभा में रखी।
साथ ही पूछा कि इन स्टॉपेज को स्वीकृत कर लागू करने की क्या समय-सीमा निर्धारित की गई है, क्योंकि इनसे स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों तथा पर्यटन एवं तीर्थ यात्रियों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इसी के साथ उन्होंने कहा कि कटनी जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन में कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज नहीं होने की ओर ध्यान दिलाया। साथ-साथ कटनी से जुड़े स्लीमनाबाद और रीठी जैसे स्टेशनों पर कुछ यात्री ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि इससे क्षेत्रीय आवागमन सुगम होता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। इन स्टेशनों पर ठहराव बहाल होने से हजारों यात्रियों को प्रतिदिन सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद श्री शर्मा ने यह भी उल्लेख किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता द्वारा लगातार रेल मंत्रालय से ट्रेनों के स्टॉपेज पुनः प्रारंभ किए जाने की मांग की जा रही है। उन्होंने पूर्व में भी रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत भेंट कर इस विषय में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन विभागीय स्तर पर अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं होने के कारण उन्हें लोकसभा में यह ध्यानाकर्षण कराना पड़ा।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में जिन ट्रेनों का ठहराव इन स्टेशनों पर था, उन्हें बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिल सके और रेलवे सेवाओं का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंचे।
सांसद श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के पूर्व इन स्टेशनों पर कई यात्री ट्रेनों का नियमित ठहराव होता था, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलता था। लेकिन कोरोना काल के बाद जब ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू हुआ, तो अनेक महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव समाप्त कर दिया गया, जिससे आम यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और कर्मचारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।








