Latest

Independence Day Live: स्वतंत्रता दिवस संदेश – भारत को स्वर्णिम बनाने का समय,हमें ये अवसर जाने नहीं देना चाहिए’, लालकिले से PM मोदी

Independence Day Live: स्वतंत्रता दिवस संदेश - भारत को स्वर्णिम बनाने का समय,हमें ये अवसर जाने नहीं देना चाहिए', लालकिले से PM मोदी

LIVE Independence Day Live: स्वतंत्रता दिवस संदेश – भारत को स्वर्णिम बनाने का समय,हमें ये अवसर जाने नहीं देना चाहिए’, लालकिले से PM मोदी  स्वतंत्रता दिवस पर इस बार 11 श्रेणियों के तहत 18 हजार मेहमान आकर्षण का केंद्र हैं। खास बात यह है कि इनमें से 6 हजार खास मेहमान महिला, किसान, युवा और गरीब वर्ग के हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले की प्राचीर से देश को विकास का संदेश दे रहे हैं और उन्होंने 2047 तक देश को विकसित बनाने लिए अपना विजन जनता के सामने रखा।

‘जब नीति सही होती है और नीयत सही होती है तो हम निश्चित परिणाम पाकर रहते हैं। आज देश में नए अवसर बने। दो चीजें हैं जिसने विकास को छलांग दी है। पहला है आधुनिक बुनियादी ढांचा और दूसरी तरफ सामान्य मानविकी की बाधाओं को दूर करने पर भी बल दिया है। पिछले एक दशक में अभूतपूर्व बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है। गांव-गांव में स्कूल बनाने की बात हो, रोड, बंदरगाह, रेल हो, मेडिकल कॉलेज हो, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अमृत सरोवर हो, नहरों का जाल बिछाया जा रहा है। चार करोड़ गरीबों को पक्के घर बनाने की कोशिश हो, हमारा पूर्वी भारत का इलाका बुनियादी ढांचे के विकास के लिए जाना जाने लगा है। इसका सबसे बड़ा लाभ समाज के उन वर्गों को लाभ मिला है, जिनकी तरफ कोई नहीं देखता था।’

’10 साल के भीतर युवाओं के सपनों को उड़ान मिली है और उसकी चेतना में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज विश्व भर में देश को देखने का नजरिया बदला है। रोजगार के नए अनगिनत अवसर मिले हैं। संभावनाएँ बढ़ती गई हैं और नए मौके बन रहे हैं। मेरे देश के युवाओं को अब धीरे धीरे चलने का इरादा नहीं है। मेरे देश का नौजवान छलांग मारने के मूड में है। मैं कहना चाहूंगा कि भारत के लिए यह स्वर्णिम कालखंड है। मेरे देशवासियों को हमें यह अवसर जाने नहीं देना चाहिए और इसे पकड़कर अपने सपने को लेकर चल पड़ेंगे। हमें 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य लेकर रहेंगे।’

‘मैं एक छोटा सा उदाहरण देना चाहता हूं। पहले बैंकिंग क्षेत्र का न विस्तार होता था ना विकास होता था। बैंकिंग सेक्टर संकट में था। हमने बैंकिंग सेक्टर को विकसित बनाने के लिए कई सुधार किए। आज हमारा बैंकिंग सेक्टर मजबूत है। जब बैंक मजबूत होते हैं तो संगठित अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है। देश की अर्थव्यवस्था को बेहतर करने की सबसे बड़ी ताकत बैंकिंग सेक्टर में होती है। किसान, युवा, पशुपालक, रेहड़ी-पटरी वाले लाखों लोग बैंकों से जुड़कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। हमारे एमएसएमई, लघु उद्योगों के लिए बैंक सबसे सहायक होते हैं। ‘

‘साथियों से दुर्भाग्य से हमारे देश में आजादी तो मिली लेकिन लोगों को एक प्रकार के माई बाप कल्चर से जूझना पड़ा। सरकार से मांगते रहे, सरकार के सामने हाथ फैलाते रहो। आज हमने गवर्नेंस के मॉडल को बदला है। आज सरकार खुद जनता के पास जाती है। सरकार खुद गैस, बिजली पानी, पहुंचाती है। सरकार खुद नौजवान के स्किल डेवलपमेंट के लिए कदम उठा रही है।’

‘विकसित भारत के लिए एक सुविचारित प्रयास हो रहा है। जब राजनीतिक नेतृत्व का दृढ़ विश्वास हो और सरकारी मशीनरी उस सपने को पूरा करने के लिए जुट जाता है और इसमें जनभागीदारी हो जाए तो निश्चित परिणाम मिलता है। जब चलता है वाली सोच होती है तो लोग जो है उसी से गुजारा कर लो। यही माहौल बन गया था। हमें इस मानसिकता को तोड़ना होगा। हमें विश्वास से भरना था। हमने उस दिशा में प्रयास किया है। लोग कहते थे कि अगली पीढ़ी का हम इंतजार क्यों करें हम तो आज का देखें। हमें जिम्मेदारी दी गई और हमने बड़े सुधार जमीन पर उतारे। गरीब हो, मिडिल क्लास हो, हमारी बढ़ती शहरी आबादी हो, युवाओं के सपने और आंकाक्षाएं हों। हमने सुधार की राह चुनी। हम देशवासियों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हमारे सुधार चार दिन की वाहवाही के लिए नहीं है। ये किसी मजबूरी में नहीं हैं, देश को मजबूती देने के लिए है।’

‘हर परिवार के बीच जब स्वच्छता वातावरण बन जाए तो ये भारत के अंदर आई नई चेतना का प्रतिबिंब है। आज हमारे देश में तीन करोड़ परिवार ऐसे हैं, जिन्हें नल से जल मिल रहा है। आज 15 करोड़ परिवार इसके लाभार्थी बन रहे हैं। कौन वंचित थे, इन व्यवस्थाओं से। इनमें दलित, आदिवासी, गरीब लोग इन चीजों के अभाव में जी रहे थे। हमने प्राथमिक आवश्यकताओं के लिए जो प्रमाण दिया, उसका लाभ जनता को मिल रहा है। हमने वोकल फॉर लोकल का मंत्र दिया। वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट का विचार दिया। इसका प्रभाव दिखने लगा है।’

‘2047 सिर्फ शब्द नहीं हैं। इसके पीछे कठोर परिश्रम चल रहा है। लोगों को सुझाव लिए जा रहे हैं। इसके लिए लोगों ने अनगिनत सुझाव दिए हैं। हर देशवासी का सपना उसमें प्रतिबिंबित हो रहा है। युवा हो, बुजुर्ग हो, गांव के लोग हों, शहर में रहने वाले, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं, हर किसी ने 2047 में जब देश विकसित भारत की आजादी का पर्व मनाएगा तो हर व्यक्ति का उसमें योग्यता होगा। किसी ने स्किल कैपिटल बनाने का सुझाव रखा, किसी ने भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का, किसी ने विश्वविद्यालयों को वैश्विक स्तर बनाने का सुझाव दिया। हमारा स्किल युवा दुनिया की पहली पसंद बनना चाहिए।’
विज्ञापन

‘प्यारे देशवासियों इस वर्ष और पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं में अनेक लोगों ने अपने परिवारों को खोया है। संपत्ति खोई है। राष्ट्र निधि का नुकसान हुआ है। मैं आज उन सबके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि देश इस संकट की घड़ी में उन सबके साथ खड़ा है। मेरे प्यारे देशवासियों हम जरा आजादी के पहले के उन दिनों को याद करें। सैकड़ो साल की गुलामी। हर कालखंड संघर्ष का रहा है। महिला हो, युवा हो, आदिवासी हो, वे सब गुलामी के खिलाफ जंग लड़ते रहे। 1857 का स्वतंत्रता संग्राम के पूर्व ही हमारे कई आदिवासी क्षेत्र थे, जहां आजादी की जंग लड़ी जाती रही थी। आजादी की जंग इतनी लंबी थी। अपरंपार यातनाएं, जुल्मी शासन सामान्य मानवी का विश्वास तोड़ने की तरकीबें, फिर भी उस समय की संख्या के करीब 40 करोड़ देशवासियों ने वो जज्बा दिखाया, वो सामर्थ्य दिखाया। एक संकल्प लेकर चलते रहे, एक सपना लेकर चलते रहे। जूझते रहे। एक ही सपना था वंदे मातरम, एक ही सपना था देश की आजादी का। हमें गर्व है कि हम उन्हीं के वंशज हैं। 40 करोड़ लोगों ने दुनिया की महान सत्ता को उखाड़ फेंका था। अगर हमारे पूर्वज जिनका खून हमारी रगों में है, आज हम 140 करोड़ हैं। अगर 40 करोड़ गुलामी की बेड़ियों को तोड़ सकते हैं, आजादी लेकर के रह सकते हैं तो 140 करोड़ मेरे नागरिक, मेरे परिवारजन अगर संकल्प लेकर चल पड़ते हैं, एक दिशा निर्धारित कर चल सकते हैं, कदम से कदम मिलाकर, कंधे से कंधा मिलाकर, तो चुनौतियां कितना ही क्यों न हो, संसाधनों के लिए जूझने की नौबत हो तो भी हम स्मृद्धि पा सकते हैं। हम 2047 तक विकसित भारत बना सकते हैं।’

देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले आजादी के मतवालों को किया नमन
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘आज वो शुभ घड़ी है जब हम देश के लिए मर मिटने वाले अपना जीवन समर्पित करने वाले, आजीवन संघर्ष करने वाले, फांसी के तख्त पर चढ़कर भारत माता की जय के नारे लगाने वाले, अनगिनत भारत माता के सपूतों के स्मरण करने का दिन है। आजादी के दिवानों ने आज हमें आजादी के इस पर्व में स्वतंत्रता में सांस लेने का मौका दिया। ऐसे हर महापुरुष के प्रति हम अपना श्रद्धा भाव व्यक्त करते हैं। आज जो महानुभाव राष्ट्र रक्षा के लिए और राष्ट्र निर्माण के लिए पूरी लगन से, पूरी प्रतिबद्धता के साथ देश की रक्षा भी कर रहे हैं औऱ देश को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास भी कर रहे हैं। चाहे वह हमारा किसान हो, हमारा जवान हो या हमारे नौजवानों का हौसला हो, हमारी माताओं बहनों का योगदान हो। शोषित पीड़ित, वंचित हो। स्वतंत्रता के प्रति उसकी निष्ठा, लोकतंत्र के प्रति उसकी श्रद्धा। ये पूरी दुनिया के लिए प्रेरक घटना है। मैं ऐसे सभी को नमन करता हूं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले पर किया ध्वजारोहण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज गार्ड्स द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। वायुसेना के दो एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर्स ने कार्यक्रम स्थल पर पुष्पवर्षा की गई।

 

Back to top button