
LIVE IND vs NZ Live Score: मिचेल-विलियम्सन के बीच शतकीय साझेदारी, न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 150 रन के पार। विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में मेजबान भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती है। दोनों टीमें चार साल बाद एक बार फिर से इस राउंड में आमने-सामने होगी। पिछली बार 2019 में कीवी टीम ने करोड़ों भारतीयों का सपना तोड़ दिया था और फाइनल में जगह बनाई थी। टीम इंडिया उस हार का बदला लेने उतरेगी। उसकी नजर 2011 के बाद फाइनल में पहुंचने पर है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 397/4 का स्कोर बनाया है।
डेरिल मिचेल और केन विलियम्सन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और न्यूजीलैंड की टीम मैच में बनी हुई है। डेरिल मिचेल और केन विलियम्सन दोनों ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं और दोनों न्यूजीलैंड को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। यह साझेदारी भारत के लिए बेहद खतरनाक है और जल्द से जल्द भारतीय गेंदबाजों को इसे तोड़ना होगा। 26 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 165/2 है।
IND vs NZ Live: मिचेल-विलियम्सन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
डेरिल मिचेल और केन विलियम्सन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और कीवी टीम मैच में बनी हुई है। 17 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 104/2 है।
डेरिल मिचेल और केन विलियम्सन ने न्यूजीलैंड की पारी संभाली है। दोनों अच्छी साझेदारी कर चुके हैं और अपनी टीम को लक्ष्य की तरफ ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 74/2 है।
IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिरा
39 रन पर न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट गिरा है। रचिन रवींद्र 22 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद शमी ने उन्हें लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। अब केन विलियम्सन के साथ डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं। पावरप्ले के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 46/2 है।
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा
30 रन पर न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी ने डेवोन कॉन्वे को आउट किया। उन्होंने 15 गेंद में 13 रन बनाए। लोकेश राहुल ने उनका कैच पकड़ा। अब रचिन रवींद्र के साथ केन विलियम्सन क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 34/1 है।
IND vs NZ: न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू
398 रन का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी क्रीज पर है। कॉन्वे ने चौके के साथ पारी की शुरुआत की है। उन्होंने पहले ओवर में ही बुमराह के खिलाफ दो चौके जड़ दिए। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है। कोहली और श्रेयस की शानदार बल्लेबाजी के चलते टीम इंडिया बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही है, लेकिन गेंदबाजों को भी मेहनत करके विकेट लेने होंगे। ऐसा नहीं होने पर कीवी टीम इस पिच पर आसानी से लक्ष्य का पीछा कर सकती है।
IND vs NZ: भारत ने 397 रन बनाए
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 397 रन बनाए हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा 117 रन विराट कोहली ने बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 105 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने नाबाद 80 रन बनाए। कप्तान रोहित ने 47 और लोकेश राहुल ने 39 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की। पहले रोहित ने तेज गति से रन बनाए फिर गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। रोहित ने विश्व कप में अपने 50 छक्के पूरे किए और टीम का स्कोर पावरप्ले के अंदर 50 रन के पार पहुंच गया। रोहित शर्मा साउदी की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में 47 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि, पावरप्ले में टीम इंडिया एक विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाने में सफल रही। गिल और कोहली ने भारत का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान गिल ने 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। 65 गेंद में 79 रन बनाने के बाद गिल वानखेड़े की गर्मी से परेशान हो गए। उन्हें क्रैम्प आ रहे थे और वह मैदान के बाहर चले गए।
विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने 59 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान वह एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने सचिन के 673 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। विराट और श्रेयस ने शतकीय साझेदारी कर भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचा दिया।
विराट ने वनडे में अपना 50वां शतक लगाया और भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया। वह 117 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रेयस अय्यर और भी आक्रामक हो गए। उन्होंने राहुल के साथ मिलकर भारत का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद श्रेयस ने 67 गेंद में अपना शतक पूरा किया और 70 गेंद में चार चौके और आठ छक्कों की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। 49वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार एक रन बनाकर आउट हो गए। अंत में लोकेश राहुल ने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारतीय पारी खत्म की। राहुल ने आखिरी ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और भारत का स्कोर 397 रन तक पहुंचा दिया। वह 39 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शुभमन गिल 80 रन के स्कोर पर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया।