वेब डेस्क। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को वोट डाले गए. चुनाव के नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे, लेकिन उससे पहले EXIT POLL की बारी है. हम आपको बताएंगे कि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर कमाल करेंगे या फिर वहां पर बदलाव की बयार बह रही है. इसके अलावा हम आपको यह भी बताएंगे कि महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस को दूसरी पारी मिलेगी या फिर सूबे से बीजेपी सरकार की विदाई होने वाली है. दोनों ही राज्यों में बीजेपी की सरकार है लिहाजा बीजेपी का इन राज्यों में काफी कुछ दांव पर लगा है. हालांकि कांग्रेस ने इन राज्यों में वापसी के लिए पुरजोर कोशिश की है.
Highlights
महाराष्ट्र की 288 सीटों पर वोटिंग
फडणवीस की होगी वापसी या विदाई
हरियाणा में मनोहर लाल कर पाएंगे कमाल?
हरियाणा की 90 सीटों पर मतदान
महाराष्ट्र में सुस्त वोटिंग महाराष्ट्र में शाम 6 बजे तक 55.33 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है, जो 2014 के मुकाबले 3 फीसदी कम है. वहीं हरियाणा में शाम 6 बजे तक 61.62 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है.
2014 में क्या थे नतीजे महाराष्ट्र में साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव परिणाम को देखें तो भारतीय जनता पार्टी 123 सीटें हासिल कर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी. जबकि 63 सीटों के साथ शिवसेना दूसरे नंबर पर थी. बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को 186 सीटें मिली थीं.कांग्रेस के खाते में 42 और एनसीपी के खाते में 41 सीटें आई थी, जबकि 1 सीट अन्य के खाते में गई थी. वहीं हरियाणा की 90 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 47 सीटें मिली थीं. इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 19 जबकि कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं.
कम वोटिंग पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
दोनों राज्यों में कम मतदान पर वरिष्ठ पत्रकार शशि शेखर ने कहा कि कम वोटिंग प्रतिशत से साफ है कि लोगों में निराशा का भाव है, क्योंकि वोटर को लगता है कि चुनाव चुनाव की तरह नहीं हो रहा है. विपक्ष का भटकाव इसकी सबसे बड़ी वजह है. विपक्ष संघर्ष नहीं करना चाहता और इससे वोटरों में भी उदासीनता है. चुनाव के वक्त कुछ लोग जमा होते हैं वरना जमीन पर विपक्ष बिखरा हुआ है.वहीं वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता के मुताबिक, लोगों के मन में यह बात भरना कि हम जीत रहे हैं ठीक नहीं है. मोदी लहर के अतिआत्मविश्वास से बाहर निकलने की जरूरत है. मतदान का दिन एक छुट्टी का दिन बन चुका है. सोशल मीडिया से वोट नहीं मिलता, बल्कि इसके लिए जमीन पर उतरना पड़ता है. सत्तारूढ़ पार्टी के लिए भी यह चिंता की बात है साथ ही विपक्ष कांग्रेस के लिए तो है ही क्योंकि पार्टी पहले ही डूबी हुई है.
दोनों राज्यों में मतदान की रफ्तार सुस्त विधानसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र और हरियाणा में मतदान की रफ्तार सुस्त रही. महाराष्ट्र में शाम 5 बजे तक 44.61 फीसदी दर्ज किया गया तो वहीं हरियाणा में 53.78 फीसदी वोट पड़े.
EXIT POLL का सैंपल साइज
60,609 महाराष्ट्र में EXIT POLL का सैंपल साइज 60,609 रहा. यानी कि 60, 609 लोगों का मत लिया गया. वहीं इसमें मराठा जाति के 23 फीसदी लोगों ने इसमें हिस्सा लिया, जबकि ओबीसी जाति के 20 फीसदी लोग इस EXIT POLL का हिस्सा बने. EXIT POLL में 36 से 50 उम्र के लोग 35 फीसदी रहे, तो वहीं 28 फीसदी 26 से 35 उम्र के लोग रहे. 60,609 लोगों में 67 फीसदी पुरुष और 33 फीसदी महिलाएं रहीं.
फडणवीस और खट्टर ने किया जीत का दावा
मुंबई में बॉलीवुड के सितारों में मतदान को लेकर जबरदस्त जोश भी दिखा और जिम्मेदारी भी दिखी. दोपहर होते-होते वोट देने के लिए सितारों का बूथ पर पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया. शाहरुख, आमिर, दीपिका, ऐश्वर्या समेत कई सितारों ने मतदान किया और लोगों से भी वोट देने की अपील की. वहीं सियासी दिग्गजों की बात करें तो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मतदान के बाद फिर से अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा किया.
क्या होता है एग्जिट पोल
एग्जिट पोल जारी करने के लिए पहले डेटा कलेक्ट किया जाता है. ये डेटा क्लेक्शन जिस दिन वोटिंग होती है उस दिन भी किया जाता है. आखिरी फेज की वोटिंग के दिन जब मतदाता वोट डालकर निकल रहा होता है तब उससे पूछा जाता है कि किसे वोट दिया. इस आधार पर किए गए सर्वेक्षण से जो नतीजे निकाले जाते हैं उसे ही एग्जिट पोल कहते हैं. आमतौर पर टीवी चैनल वोटिंग के आखिरी दिन एग्जिट पोल ही दिखाते हैं. बता दें, एग्जिट पोल के नतीजे हमेशा मतदान के आखिरी दिन ही जारी किए जाते हैं.

