Latest

LIVE: अंतिम सफर पर निकले अटल जी, यात्रा में पैदल चल रहे प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। राजनीति के एक युग अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार शाम 5.05 बजे निधन हो गया। इसके बाद अब उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई है। शाम 4 बजे उनका स्मृति वन में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए अटल जी अपने अंतिम सफर पर निकल चुके हैं। भाजपा मुख्यालय पर कुछ देर रुकने के बाद अब गन कैरिज पर उनकी देह को फूलों से सजाकर रखा गया और अटल जी का अंतिम कारवां चल पड़ा है। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए भीड़ उमड़ी है।

3.00: स्मृति वन में अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी, इंतजार अंतिम यात्रा के पहुंचने का।

2.30: अटल जी की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा है और उनकी शव यात्रा के साथ स्मृति वन की तरफ पैदल बढ़ता जा रहा है।

1.55: कुछ समय के विश्राम के बाद अटल दी अपने अंतिम सफर पर भाजपा मुख्यालय से निकल चुके हैं। उनके साथ प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी चल रहे हैं।

1.20: भूटान नरेश ने अटल जी को भाजपा मुख्यालय जाकर श्रद्धांजलि दी।

1.00: अटल जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुनिया भर से विदेश मेहमान भारत पहुंच रहे हैं।

12.50: भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त डोमिनिक एसक्विथ भी अंतिम विदाई देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अटल जी अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति थे। उनका जाना भारत के लिए बड़ा नुकसान है। मैं उन्हें अंतिम विदाई देने आया हूं।

12.45: भारत पहुंचे बांग्लादेश के विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद ने कहा कि हम उन्हें बांग्लादेश लिबरेशन वॉर में योगदान और बांग्लादेशी लोगों की मदद के लिए याद करते हैं। उनके कार्यकाल के दौरान मैं दिल्ली में डिप्लोमेट के रूप में कार्य कर सम्मानित हुआ।

12.30: अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नेपाल के विदेश मंत्री प्रदीप कुमार भी दिल्ली पहुंचे।

11.30: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष, गृहमंत्री, यूपी के राज्यपाल समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने अटल जी को भाजपा मुख्यालय में अंतिम विदाई दी।

11.10: एक के बाद एक लोग अंतिम दर्शनों को उमड़ रहे हैं।

10.50: प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई नेता मुख्यालय पर पहले से मौजूद

10.45: अटल जी की पार्थिव देह भाजपा मुख्यालय पहुंची। भारी संख्या में उमड़े समर्थक।

10.20- अटल जी की अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय की तरफ बढ़ रही है और पूरे रास्ते उनके चाहने वाले अटल जी अमर रहे के नारे लगाते हुए साथ साथ चल रहे हैं।

10.15- अटल जी के घर से भाजपा मुख्यालय तक सड़क के दोनों तरफ भारी भीड़ उमड़ी हुई है।

10.00 बजे- अटल जी की पार्थिव देह गन कैरिज पर रखकर फिलहाल भाजपा मुख्यालय ले जाई जा रही है जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। कृष्ण मेनन मार्ग स्थित अटल जी के घर के बाहर तीनों सेनाओं के जवान तैयारी हैं और साथ ही अंतिम यात्रा का काफिला भी तैयार है।

सारी रात उनके आवास पर अटल जी के चाहने वालों ने उनकी पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए। आज सुबह उनकी पार्थिव देह कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास से दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय ले जाई जाएगी।

यहां दोपहर एक बजे तक लोग उनकी देह के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। भाजपा मुख्यालय के बाहर अटल जी के अंतिम दर्शनों के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं।

इसके बाद भाजपा मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी जो राष्ट्रीय स्मृति वन जाएगी जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा में सेना के वाहन में अटल जी की पार्थिव देह के साथ उनके परिजनों के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।

अटल जी के अंतिम संस्कार को लेकर भारी तैयारियां की गई हैं और इसी के कारण दिल्ली की 25 से ज्यादा सड़कें आज बंद रहेंगी। उनकी अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से आईटीओ, दिल्ली गेट, नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए राष्ट्रीय स्मृति वन पहुंचेगी। इससे पहले उनकी पार्थिव देह इंडिया गेट होते हुए कृष्ण मेनन मार्ग से भाजपा मुख्यालय पहुंचेगी।

अटल जी को सुबह 8.30 बजे तक उनके निवास पर लोगों ने श्रद्धांजलि देने के लिए तांता लगा रहा। क्या आम क्या खास हर शख्स अटल जी के अंतिम दर्शन के लिए आतुर था। नम आंखों से हजारों लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। इनमें फिल्म व कला जगत के अलावा राजनीति व अन्य क्षेत्रों के लोग भी थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply