Friday, May 1, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

स्व.पंडित सतेंद्र पाठक की पुण्यतिथि पर सेवा का अनूठा संकल्प: सार्वजनिक प्याऊ का शुभारंभ

स्व.पंडित सतेंद्र पाठक की पुण्यतिथि पर सेवा का अनूठा संकल्प: सार्वजनिक प्याऊ का शुभारं

 

कटनी(YASHBHARAT.COM)। जनसेवा, सादगी और विकास की मिसाल रहे विजयराघवगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय पंडित सतेंद्र पाठक की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विजयराघवगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी हरीश दुबे ने सार्वजनिक प्याऊ का शुभारंभ किया। यह पहल उनकी स्मृतियों को सहेजने के साथ-साथ समाज के प्रति सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रेरक प्रयास है।

 

जननायक के रूप में अमिट पहचान

स्व.पंडित सतेंद्र पाठक का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य और जनहित के प्रति समर्पित रहा।उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में गरीब,वंचित और जरूरतमंदों की आवाज बनकर कार्य किया।उनके विकास कार्य, जनकल्याणकारी सोच और समाज के हर वर्ग के प्रति समान भाव ने उन्हें क्षेत्र में एक आदर्श जननायक के रूप में स्थापित किया, जिनकी स्मृतियां आज भी लोगों के दिलों में जीवंत हैं।

श्रद्धांजलि और प्रेरणा का संगम

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने स्व. पाठक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने उनके जीवन को संघर्ष,समर्पण और सेवा की मिसाल बताते हुए कहा कि उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

पिता के पदचिन्हों पर अग्रसर संजय पाठक

इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि स्व. पंडित सतेंद्र पाठक के पुत्र एवं वर्तमान विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लाडले विधायक संजय सतेंद्र पाठक अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए क्षेत्र में निरंतर जनसेवा कार्य कर रहे हैं।उनकी कार्यशैली में भी वही सरलता, जनसंपर्क और विकास के प्रति प्रतिबद्धता झलकती है,जो स्व.पाठक की पहचान रही है।

 

नगर परिषद अध्यक्ष का प्रेरणादायी संबोधन

नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी हरीश दुबे ने अपने संबोधन में स्व. पंडित सतेंद्र पाठक को दूरदर्शी,कर्मठ और जनहितैषी नेता बताते हुए उन्हें सच्चे अर्थों में जनसेवक कहा। साथ ही उन्होंने विधायक संजय पाठक की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने पिता की विरासत को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं तथा क्षेत्र के विकास और जनसेवा में निरंतर सक्रिय हैं।

भीषण गर्मी में राहत का माध्यम बना प्याऊ

उन्होंने कहा कि स्व. पाठक की स्मृति में यह प्याऊ शुरू करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।भीषण गर्मी में राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और यह पहल समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता का संदेश देती है।

 

जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर परिषद के समस्त पार्षदगण,गणमान्य नागरिक,जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि