katniमध्यप्रदेश

लाल पहाड़ी बनेगी कटनी की ‘ग्रीन लंग’, 4500 से अधिक पौधों से संवर रही हरियाली की नई पहचान,नगर निगम का हरित अभियान तेज, जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को बनाया जा रहा जनआंदोलन

लाल पहाड़ी बनेगी कटनी की ‘ग्रीन लंग’, 4500 से अधिक पौधों से संवर रही हरियाली की नई पहचान,नगर निगम का हरित अभियान तेज, जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को बनाया जा रहा जनआंदोल

 

कटनी,-स्वच्छ, स्वस्थ और हरित कटनी के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए नगर पालिक निगम कटनी का पौधारोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। बरगवां स्थित लाल पहाड़ी क्षेत्र में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 4,500 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा चुके हैं। नगर निगम का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि लाल पहाड़ी को विकसित कर शहर की प्राकृतिक “ग्रीन लंग” के रूप में स्थापित करना है, जिससे कटनी को स्वच्छ वायु, संतुलित पर्यावरण और समृद्ध हरित विरासत मिल सके।

अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ-साथ शासकीय अधिकारी-कर्मचारी भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। लाल पहाड़ी पर नीम, पीपल, बरगद, सागौन सहित छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जा रहा है। निगम प्रशासन ने पौधों के संरक्षण, सिंचाई और नियमित देखरेख की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और संतुलित जलवायु का अमूल्य उपहार होगा। बढ़ते प्रदूषण, तापमान और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान व्यापक वृक्षारोपण और उसके संरक्षण में ही निहित है।

उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक नागरिक, संस्थाएं और सामाजिक संगठन नगर निगम कार्यालय से संपर्क कर चिन्हित स्थलों पर पौधारोपण कर सकते हैं। नगर निगम की ओर से पौधे, रोपण संबंधी आवश्यक संसाधन और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस हरित अभियान से जुड़ सकें।

नगर निगम लाल पहाड़ी के अलावा शहर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय विद्यालयों, उद्यानों और सड़क किनारे भी बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चला रहा है। निगम का विश्वास है कि जनसहभागिता से संचालित यह अभियान न केवल कटनी की हरित पहचान को नई ऊंचाई देगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे क्षेत्रों में भी शहर को प्रदेश के अग्रणी नगरों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

“एक पौधा–एक जीवन” के संदेश के साथ नगर निगम ने सभी नागरिकों से इस हरित अभियान में सहभागी बनकर कटनी को हरा-भरा और पर्यावरण के प्रति अधिक संवेदनशील शहर बनाने का आह्वान किया है।

Back to top button