Katni weather 31 December 2023 के अंतिम दिन रविवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। चारों ओर सफेद धुंध की चादर बिछी हुई थी और शीतलहर की वजह से लोगों की कंपकपी छूट रही थी। धुंध का आलम यह था कि सुबह 7 बजे 5 मीटर से अधिक दूर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। जिसकी वजह से वाहन चालकों को हेडलाइट चालू करके बहुत ही धीमी रफ्तार से गाड़ियां चलानी पड़ रही थी।
कोहरे का असर ट्रेनों की रफ्तारों पर भी पड़ा और सुबह पहुंचने वाली सभी सुपरफास्ट मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों लेट चल रही थीं। जिसके चलते यात्रियों को कड़कड़ाती ठंड के बीच ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। सुबह लगभग 10 बजे तक कोहरे का कहर बरकरार रहा, इसके बाद धीरे-धीरे सूरज की सुनहरी किरणों के बीच धुंध सिमटती चली गई।
साल 2023 का अंतिम दिन होने की वजह से लोग सुबह से ही खुश नजर आ रहे थे और उन्होंने सफेद चादर में लिपटी सुबह का खुशी-खुशी स्वागत किया।
ठंड हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल
घने कोहरे व कड़ाके की ठंड के बीच शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा कर रख दिया है। शीतलहर के कारण गलन इतनी बढ़ गई है कि लोगों का एकमात्र सहारा गर्म कपड़े व आग बना हुआ है। शीतलहर के चलते शनिवार की शाम ढलते ही लोग अपने घरों में दुबक गए, जहां अलाव जलाकर ठंडी से निजात पाने का प्रयास किया। इससे पहले तो धूप के कारण मौसम का अलग ही रूप था। लेकिन मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। सड़क पर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। सुबह तक मौसम में गलन रहने के बाद शाम को चल रही ठंड हवा के कारण लोगों की मुश्किलें और बढती जा रही हैं। पिछले कुछ दिनों से मौसम के परिवर्तन के कारण लोगों के काम पर भी प्रभाव पड़ा है। लंबे समय तक लोग घरों में ही दुबके नजर आ रहे हैं।
आज भी सर्दीला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार नया वर्ष के पहले दिन सोमवार की शुरूआत सर्दीली हवाओं के साथ होगी। मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा व अगले दो-तीन दिनों तक मौसम में नमी बनी रहेगी। कृषि विभाग के अनुसार यह मौसम चने की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगा। पिछले वर्ष ओलावृष्टि की वजह से चने की फसल नष्ट हो गई थी। इस वर्ष भी किसानों ने भारी तादाद में चने की बोवाई की है। यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो चने का अच्छा उत्पादन होगा। लेकिन बारिश या ओलावृष्टि होने पर फसल को नुकसान होने की संभावना भी बनी हुई है।
देरी से पहुंची ट्रेन
ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। कोहरे की वजह से अप और डाउन की ज्यादातर ट्रेनें कई घंटे विलंब से चल रही हैं। कटनी से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही थी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। जिसका असर आमजन मानस के जीवन पर साफ तौर देखा जा रहा है।
