katniLatest

Katni Vijayraghavgarh Crime News Update: दूसरे पति ने पिता व भाईयों के साथ मिलकर की थी हत्या, जानिए कैसे हुआ महिला की मौत का खुलासा

कटनी( विवेक शुक्ला)। विजयराघवगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम हरदुआ पडख़ुरी में सप्ताह भर पहले सूखे कुएं से बरामद एक महिला व एक बालक के शव की न केवल पहचान करने में पुलिस को सफलता मिल गई है बल्कि दोनों की गला दबाकर हत्या करने के बाद कुएं में शव फेंकने के आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

विजयराघवगढ़ पुलिस ने सुलझाई कुएं से बरामद महिला व बालक के शव की गुत्थी
दूसरे पति ने पिता व भाईयों के साथ मिलकर की थी हत्या
परिजनों को रास नहीं आ रहा था एक बच्चे की मां से शादी रचाना

गौरतलब है कि विगत 7 मई की शाम हरदुआ पडख़ुरी से लगे खुशीलाल के खेत में स्थित सूखे कुंए से एक 25 वर्षीय महिला व एक 5 वर्षीय बालक का शव बरामद किया गया था। दोनों की शिनाख्त पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी। पुलिस ने शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए तो इसी बीच चिकित्सकों ने महिला व बालक की पीएम रिपोर्ट पुलिस को दी। जिसमें गला दबा कर दोनों की हत्या करने का उल्लेख था। लिहाजा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध हत्या कर साक्ष्य छिपाने का मामला धारा 302, 201 के तहत दर्ज करते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व विजयराघवगढ़ एसडीओपी शिखा सोनी के मार्गदर्शन में मामले की जांच तेज कर दी। मामले की जांच के लिए विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर अपनी टीम के साथ ग्राम पइखुरी पहुंचे तो पता चला कि गांव के सुरेश पटेल के 03 लड़के हैं।

तीनों की शादी नहीं हुई है, कुछ दिन पूर्व एक महिला व एक बच्चा आया था पर वह नहीं दिख रहे हैं। इस महत्वपूर्ण जानकारी पर सुरेश पटेल व उसके तीनों लड़के लवकुश, संदीप व अरुण पटेल को लाकर पूछताछ की गई तो इनके द्वारा घटना करना स्वीकार की गई।

हत्या के आरोप में ससुर, पति व देवर गिरफ्तार
महिला की पहचान रुचि उर्फ  मोहनी निवासी ग्राम बनसठी थाना चौबेपुर जिला कानपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। थाना प्रभारी श्री बारस्कर ने बताया कि 03-04 वर्ष पूर्व गांव के ही धर्मपाल रैदास के साथ भागकर सूरत चली गई थी। इस दौरान रूचि ने एक पुत्र को जन्म दिया। महिला रुचि से धर्मपाल शराब पीकर मारपीट करता था। इस कारण सूरत में ही रह रहे ग्राम पडख़ुरी निवासी लवकुश पटेल के सम्पर्क में आने पर वह बच्चे सहित उसके साथ रहने लगी थी। वहां लवकुश का छोटा भाई अरुण पटेल भी रहता था। अरुण का रूचि से बात-बात पर झगड़ा होने लगा था तो माह मार्च में वह सूरत से अपने घर पइखुरी आ गया। 29 अप्रैल को लवकुश भी रुचि व लड़के को लेकर पइखुरी आ गया। 02 मई को अरुण पटेल का रुचि के साथ विवाद हो गया तो अरुण ने पहले महिला की हत्या की बाद में बच्चे की हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य छुपाने के लिये लवकुश संदीप एवं सुरेश ने मिल कर दोनों के शव को मोटर सायकल से ले जाकर कुएं में फेंक दिये तथा महिला व बच्चे के कपड़े पास ही खेत में ले जाकर जला दिये। प्रकरण में आरोपी सुरेश पटेल, लवकुश पटेल, संदीप पटेल व अरुण पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व विजयराघवगढ़ एसडीओपी शिखा सोनी के मार्गदर्शन में इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर, उपनिरीक्षक आर एल चौधरी, सउनि मनसुख लाल साहू, प्रआर सोमनाथ शर्मा, के.के.शुक्ला, देवचन्द्र भलावी, जनार्दन तिवारी, अरविन्द गर्ग, आरक्षक पप्पू प्रजापति, सुरेन्द्र ठाकुर, महिला आरक्षक नेहा सिंह सहित सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज दुबे, आरक्षक प्रशांत की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी पुलिस टीम को पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम