katniLatest

KATNI Update: मालखाने में रखे 34 देशी कट्टे, 4 रिवाल्वर, 1 भरमार, 1 किलो बारुद, 67 कारतूस गायब,

कटनी। जिला न्यायालय परिसर स्थित मालखाने में रखे कट्टा, कारतूस, रिवाल्वर, बारुद, सोने-चांदी के आभूषण और नकद रुपए के गबन का मामला सामने आया हैं पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा मालखाने का चार्ज बदलने के बाद हुआ। मालखाना प्रभारी द्वारा नए प्रभारी को मालखाना में रखे सामग्री का जो रिकार्ड दिया गया है उसके अनुसार उतनी सामग्री और नकद रुपए वहां पर नहीं थे। शिकायत के बाद पुलिस ने पुराने मालखाना नाजिर सतीश मेहता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस ने बताया कि जिला न्यायालय के मालखाने के प्रभारी पहले सतीश मेहता थे, इस बीच प्रभार बदल गया और प्रदीप दीक्षित को प्रभारी बनाया गया। प्रदीप दीक्षित ने प्रभार लेने के बाद दस्तावेज में दर्ज रिकार्ड और मालखाने में भौतिक रुप से रखी सामग्री का मिलान किया तो काफी सामग्री कम मिली। जिसकी शिकायत मिलने के बाद सतीश मेहता के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मालखाने में लगभग 10 लाख 79 हजार 986 नकद नकद रुपए, सोने-चांदी के आभूषण, करीब 21 ग्राम सोना है, लगभग 352 ग्राम चांदी, अंग्रेजी-देशी शराब लगभग 227 बोतल और 318 पाव,  34 देशी कट्टा, 4 रिवाल्वर, 1 किलो बारुद, 1 भरमार बंदूक, 67 नग जिंदा कारतूस नहीं मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि मामले की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले के आरोपी सहायक ग्रेड-2 सतीश मेहता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के लिए टीम का गठन भी किया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम