katni

Katni Police Update: उमरियापान पुलिस पर साढ़े पांच लाख रूपए छीनने का आरोप, बताया गश्ती दल का कारनामा

कटनी। कुठला थाना अंतर्गत ग्राम मनटोला निवासी एक युवक ने उमरियापान पुलिस पर साढ़े पांच लाख रूपए छीनने का आरोप लगाया है और इस संबंध में एक शिकायत पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को देकर आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र की प्रति यशभारत को उपलब्ध कराते हुए कुठला थाना अंतर्गत ग्राम मनटोला निवासी 38 वर्षीय अब्दुल सरीफ  पिता लल्लू खान ने बताया कि वह एक अप्रैल को अपने साथी छत्रपति शिवाजीनगर निवासी विक्की उर्फ विकास शिवहरे के साथ कार क्रमांक एम.पी.21सीए-4437 में भारत के केन्द्र बिंदू घूमने गया था।

केन्द्र बिन्दु करौदी के समीप कार का पिछला पहिया पंचर हो जाने के कारण वो जब कार का पहिया बदल रहे थे। उसीदौरान उमरियापान पुलिस का गश्ती दल वहां पहुंचा और काले बैग में जमीन सौदे के साढ़े पांच लाख रूपए छीन लिए।

अब्दुल शरीफ ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

नामी जुआरी है शिकायतकर्ता

उधर इस शिकायत के संबंध में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने मीडिया को बताया कि शिकायतकर्ता नामी जुआरी है तथा वह कई बार जुआ खेलते पकड़ा जा चुका है। इसके बावजूद आरोपों की जांच कराई जाएगी तथा सत्यता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम