
Katni IMA News डॉ. सुब्बा राव व डॉ. एम जैन आईएमए IMA के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। आईएमए स्टेट ब्रांच चुनाव, बड़ी के खिलाफ छोटी शाखाएं जीतीं ऐसा पहली बार हुआ। 2 दिन तक चली वोटों की गिनती के बाद इंडियन मेडिकल एसोसियेशन स्टेट ब्रांच इलेक्शन के परिणाम सोमवार को घोषित हुए। चुनावों में प्रदेश की बड़ी शाखाओं के लामबंद होने के बाद छोटी शाखाओं से उतरे उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
वर्ष 2023-24 के लिए दमोह (कटनी) से डॉ. सुब्बा राव ने 2 हजार 857 मत हासिल करते हुए जीत हासिल की और ग्वालियर के डॉ. अजय उपाध्याय को हराया। उन्हें 2 हजार 102 वोट मिले। वहीं वर्ष 2024- 25 के लिए विदिशा के डॉ. महेन्द्र जैन 3 हजार 26 मत हासिल करते हुए विजयी हुए। वहीं उनके प्रतिद्वंदी इंदौर के डॉ. संजय लोंदे को 2 हजार 94 वोट मिले।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश से 5 हजार 300 वोट जबलपुर मुख्यालय आईएमए हॉल पहुंचे थे। जहां कमेटी अध्यक्ष डॉ. पी.नेमा के नेतृत्व में वोटों की गिनती की गई और परिणाम घोषित किए गए। चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया 10 अगस्त तक चली। राज्य सह सचिव डॉ. दीपक साहू ने बताया कि विगत 25 वर्षों से केवल बड़ी ब्रांच से ही अध्यक्ष चुने जाते रहे है, किंतु इस बार बड़ी ब्रांच इंदौर, भोपाल, ग्वालियर , रीवा और उज्जैन एक होकर लामबंद हुए और उनके विरोध में छोटी ब्रांच विदिशा एवं दमोह के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कराई। मतगणना में डॉ.पाणिमा, डॉ. राकेश पाठक, डॉ. राजशेखर पांडे, डॉ. साहू, डॉ. पुष्पराज पटेल, डॉ. ब्रजेश चौधरी, डॉ. अनिल ठाकुर, डॉ. सिरोदिया, डॉ. अतुल मिश्रा के साथ कर्मचारियों का भी सहयोग रहा। परिणामों की घोषणा में पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद जैन, डॉ. सुनील बहल, डॉ. पुष्पराज भटेले, डॉ. राजीव सक्सेना की मौजूदगी रही।
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) के राज्य मुख्यालय जबलपुर द्वारा पिछले दिनों इलेक्शन सर्कुलर जारी किया गया था जिसमें स्टेट प्रेसीडेंट 2023-24 के लिए एक पद, स्टेट प्रेसीडेंट 2024-25 के लिए एक पद, वाईस प्रेसीडेंट 2023-24 के लिए दो पद, वाईस पे्रसीडेंट 24-25 के लिए दो पद तथा जोनल चेयनमेन के लिए 23-24 हेतु 7 पद व जोनल चेयनमेन 24-25 के लिए 7 पदों हेतु नामांकन पत्र आमंत्रित किए गए थे, जिसमें वाईस प्रेसीडेंट एवं जोनल चेयनमेन के पदों पर एक ही नाम होने से निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
अध्यक्ष पद 24-25 के लिए दो ही नाम थे और सीधा मुकाबला था, लेकिन 2023-24 के लिए दमोह-कटनी से डॉ. सुब्बा राव, भोपाल से डॉ. अश्विनी सियाल, इंदौर से डॉ. सतीश कुमार तथा ग्वालियर से डॉ. अजय उपाध्याय मैदान में थे। इस चुनाव में बड़ी ब्रांच के सदस्य, छोटी ब्रांच के विरूद्ध लांमबंद हुए थे। लेकिन छोटी ब्रांच के डॉ. सुब्बा राव एवं डॉ. जैन की तीन महीनों के अनवरत चुनाव प्रचार एवं समर्थकों के संपर्क के परिणाम स्वरूप उन्हें चुनाव में विजय हासिल हुई। डॉ. सुब्बा राव एवं डॉ. एम जैन की जीत पर उनके समर्थकों एवं शुभचिंतक चिकित्सकों व मित्रों ने बधाई दी।








