Katni : 4 हजार यात्रियों पर लगा जुर्माना वसूले 23 लाख
कटनी। जबलपुर रेल मंडल में पिछले दो दिनों से चल रहे रेल टिकिट चेकिंग अभियान में मंडल में लगभग दो सौ यात्री गाड़ियों को टिकिट निरीक्षकों ने चेक करके 4 हजार यात्रियों को पकड़कर उनसे 23 लाख से अधिक रूपये बतौर जुर्माना वसूल किया है। त्यौहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकिट काउंटर खोलने, ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की थी, जिससे आरक्षित एवं अनारक्षित टिकिट धारी यात्री सुविधा से अपनी यात्रा कर सकें। इस व्यवस्था के साथ ही रेलवे ने सामानांतर रूप में पूरे मंडल में यात्रियों की टिकिट जांच के लिए भी अभियान चलाया था। इस अभियान में गठित टीमो का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवेश सोनी तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज दुबे ने चल टिकिट निरीक्षकों के साथ किया। इन टीमों ने जबलपुर से कटनी रेलखंड, कटनी से सिंगरोली रेलखंड, कटनी से सागर रेलखंड तथा कटनी से सतना रेलखंड में टिकिट निरीक्षकों एवं वाणिज्य निरीक्षको के साथ टिकिट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विगत 28 एवं 29 अक्टूबर को 4009 यात्रियों को पकड़ कर उनसे 23 लाख 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूल गया। डीआरएम के मार्गदर्शन एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर 819 यात्री बिना टिकिट, 3 हजार 142 यात्री अनियमित टिकिट पर यात्रा करते हुए एवं 48 यात्री अधिक भार के सामान के परिवहन के साथ पकड़े गए। अभियान के पहले दिन 2077 प्रकरण एवं दूसरे दिन 1932 प्रकरण बनाये गए हैं।

