Katni : स्लीमनाबाद- दिनदहाड़े ट्रक के केबिन से 40 हजार पार
कटनी। जबलपुर से ब्रेड लेकर कटनी आ रहे ट्रक चालक को स्लीमनाबाद तिराहे पर ट्रक खड़ाकर चायपान करना महंगा पड़ गया। चालक व परिचालक ट्रक से उतर चायपान करने लगे और यहां बदमाश ट्रक की केबिन में रखा 40 हजार रूपयों से भरा बैग लेकर चंपत हो गए। चायपान करने वापस लौटे चालक व परिचालक को केबिन में रूपयों से भरा बैग गायब मिला तो उन्होने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक क्रमांक एम.पी.20जीए-6090 के चालक व परिचालक रोज की तरह आज सुबह जबलपुर से ब्रेड लेकर कटनी के लिए रवाना हुए। इस बीच दोनों ट्रक लेकर स्लीमनाबाद पहुंचे और यहां स्लीमनाबाद तिराहे पर सड़क किनारे ट्रक खड़ा करके समीप ही होटल में चायपान करने चले गए।
इसी दौरान बदमाशों ने पलक झपकते ट्रक की केबिन के अंदर रखा 40 हजार रूपयों से भरा बैग पार कर दिया। वापस लौटने पर जब ट्रक की केबिन में रूपयों से भरा बैग नहीं मिला तो दोनों घबरा गए और उन्होने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई और अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध मामला दर्ज कर उनका सुराग लगाने के प्रयास करने लगी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपियों के संबंध में कोई सुराग पुलिस को हासिल नहीं हो सके थे।

