katni

Katni : सीट पर गंदगी लगाकर सब्जी विक्रेता के 15 हजार पार

घंटाघर क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात
कटनी। कपड़ों व वाहनों में गंदगी लगाकर लोगों के बैग पार करने वाला गिरोह एक बार फिर से शहर में सक्रिय हो गया है। सोमवार की दोपहर को सब्जी मंडी से घर लौट रहे एक सब्जी विक्रेता की बाइक की सीट पर अज्ञात बदमाशों ने गंदगी लगा दी। जब युवक घंटाघर के पास उसे साफ कर रहा था तो मौका पाकर बदमाश युवक का रूपए का बैग लेकर फरार हो गए। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी पवन कुमार कुशवाहा सब्जी का व्यवसाय करते हैं। पवन ने बताया कि दोपहर को वो पुरैनी सब्जी मंडी से बाइक से घर लौट रहे थे। घंटाघर से पहले किसी ने पीछे से आवाज देकर गाड़ी की सीट पर गंदगी लगी होने की बात कही। युवक ने देखा तो गंदगी लगी थी, जिसके चलते युवक ने बाइक किनारे लगाई और सीट साफ करने लगा। सीट साफ करके जैसे ही युवक फ्री हुआ तो उसने देखा कि गाड़ी के हैंडल में टंगा बैग गायब है। उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी ली लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। युवक ने बताया कि बैग में उनके खाता-बही के साथ ही दुकान की वसूली के लगभग 15 हजार रूपए रखे थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply